-
Advertisement
चंबा में पति ने तेजधार हथियार से की पत्नी की ह#त्या, फिर फंदे से लटक कर ली आत्महत्या
Chamba Murder: चंबा जिला के भरमौर में एक दर्दनाक वाक्या सामने आया है। अलसुबह लोथल गांव में एक व्यक्ति ने तेजधार हथियार से पत्नी की हत्या की और इसके बाद खुद भी फांसी पर लटक गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस घर में पहुंची और दोनों पति-पत्नी के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर बुलाई, जिसने कुछ सबूत जमा किए हैं। पुलिस वारदात के कारणों का पता लगा रही है।
दोनों के बीच झगड़ा हुआ
जानकारी के अनुसार लोथल निवासी सरवन कुमार पत्नी अंजू देवी के साथ मंगलवार शाम को अपने भाई के घर गया था। देर रात दोनों वहां से लौट आए थे। घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस दौरान सरवन ने पत्नी पर तेजधार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह खुद पास में ही अपने पुराने घर में जाकर सो गया और अंदर से कुंडी लगा दी।
खिड़की तोड़कर वहां से भागा ,पेड़ पर फांसी लगा ली
परिजन के मुताबिक, सुबह जब उसके भाई के बेटे ने अंजू देवी का शव बरामदे पर खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद उसने अपने घर वालों को इसकी सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे । हत्या की बात फैलते ही सरवन कुमार को भी अपने फंसने का अंदेशा हो गया था। इसलिए, वह जहां सोया था, उस घर की खिड़की तोड़कर वहां से भागा। इसके बाद उसने आननफानन घर के साथ लगते पेड़ पर फांसी लगा ली। सरवन कुमार की 2 बेटियां और 17 साल का एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा घटना के वक्त घर पर नहीं था।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
