-
Advertisement
गगनयान मिशन के तहत अंतरिक्षयात्रियों के लिए दाल, पराठे सहित 22 व्यंजन भेजेगा इसरो
Last Updated on January 7, 2020 by
नई दिल्ली। इसरो (ISRO) द्वारा देश के पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ मिशन (Gaganyaan mission) के तहत एक हफ्ते अंतरिक्ष में बिताने वाले भारतीय अंतरिक्षयात्रियों (astronauts) के लिए रक्षा खाद्य अनुसंधान प्रयोगशाला दाल, पराठे समेत 22 व्यंजन, (22 dishes) फ्रूट जूस और 100 लीटर पानी भेजेगा। नासा के मानकों के अनुरूप तैयार किए जा रहे व्यंजनों को परीक्षण के लिए इसरो भेजा गया है। भारत 2022 में ‘गगनयान’ मिशन लॉन्च कर सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार मेन्यू में दाल फ्राई, वेज पुलाव, आलू पराठा, पालक पनीर, आलू मटर, उपमा, इडली, पोंगल, दलिया, वेज कट्ठी रोल, एग रोल, चिकन रोल, चिकन कोरमा भी शामिल होगा। यही नहीं, मूंगफली-गुड़ की चिक्की, सूजी और मूंग दाल का हलवा, आम पापड़, बिस्किट के अलावा ड्राई फ्रूट्स में काजू, बादाम, अखरोट भी उपलब्ध होगा। चाय, कॉफी और फ्रूट जूस के पाउडर दिए जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार डीआरडीओ की मैसूर स्थित डिफेंस फूड रिसर्च लैब (डीएफआरएल) ये व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसरो के साथ हुए करार के मुताबिक, डीएफआरएल गगनयान के लिए 60 किग्रा खाना और 100 लीटर पानी मुहैया कराएगा। व्यंजनों के नमूने इसरो को भेजे गए हैं। इसरो के वैज्ञानिक इसे चखकर फीडबैक देंगे, ताकि जरूरत के अनुसार स्वाद में बदलाव किया जा सके।