-
Advertisement
सुंदरनगर से बोबर के लिए निकली महिला के लाखों के आभूषण चोरी
सुंदरनगर। मंडी जिला के पुलिस थाना सुंदरनगर के तहत बस स्टैंड से बोबर के लिए बच्चों के साथ बस में बैठी बलद्वाड़ा क्षेत्र निवासी महिला के बैग से करीब 8 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला का कहना है कि संभवत उसके साथ बस में बैठे कुछ व्यक्तियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। सुंदरनगर थाना में महिला की शिकायत पर रपट दर्ज की गई है। यह वाक्या बीते 10 फरवरी का बताया जा रहा है।
बैग में कपड़ों के साथ रखे थे महिला ने गहने
सुंदरनगर थाना में दर्ज कराई शिकायत में महिला मंजू शर्मा (32) पत्नी दिनेश कुमार निवासी गांव भोरन तहसील बलद्वाड़ा जिला मंडी का कहना है किवह 10 फरवरी को सुबह अपने छोटे बच्चों के साथ सुंदरनगर बस स्टैंड से अपने मायके बोबर जाने वाली बस में बैठी थी। इस दौरान अन्य सामान के साथ उसके पास एक बैग था जिसमें बच्चों के कपड़े, शादी समारोह में दिए जाने वाले कपड़ों के साथ स्वर्ण आभूषण एक लिफाफे में डाल रखे थे। यह बैग उसने पिछली सीट पर रखा था जहां अन्य लोग बैठे थे। जब बस सिनेमा चौक के निकट पहुंची तो पिछली सीट पर सवार लोग उतर गए। इस दौरान एक लड़के ने उससे कहा कि वह अपने बैग के पास बैठ जाए। जब वह बोबर अपनी मायके पहुंची तो बैग खोलने पर पाया कि उसमें रखा स्वर्ण आभूषणों का लिफाफा गायब है। इस बारे उसने अपने पति को बताया जिसके बाद वह थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंची है। महिला व उसके पति ने पुलिस से आभूषण को जल्द बरामद करने की गुहार लगाई है। मामले की पुष्टि करते डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया महिला की शिकायत प्राप्त हुई है पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
