- Advertisement -
धर्मशाला। चीन (China) और दक्षिण एशियाई देशों से लौटे लोगों को स्वास्थ्य विभाग चिन्हित करने में जुटा है। कांगड़ा में स्वास्थ्य विभाग ने 11 लोगों की कोरोना वायरस (Coronavirus) की जांच की है। इनमें से कोई भी व्यक्ति कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित नहीं पाया गया है। जिला कांगड़ा में चीन सहित अन्य दक्षिण एशियाई देशों से 20 लोग घर लौटे हैं। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक 11 लोगों की स्वास्थ्य जांच की है। अन्य नौ लोगों को भी ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनकी भी स्वास्थ्य जांच हो सके। इसके अलावा तीन अन्य लोगों ने भी स्वेच्छा से अपनी जांच करवाई है।
ये जनवरी में चीन के साथ लगते सीमा क्षेत्र में गए थे। कोरोना वायरस के अलर्ट के बाद इन लोगों ने स्वयं पहल की है और अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई है, ताकि यह पता चल सके कि वे कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण में तो नहीं हैं। जिला प्रशासन को स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार से सूची जारी हुई थी, जिसमें हिमाचल लौटे लोगों में से 20 जिला कांगड़ा के शामिल थे। हालांकि ये लोग 28 दिन तक अपने पारिवारिक सदस्यों से भी नहीं मिलेंगे। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता का कहना है कि चीन से कांगड़ा पहुंचे 11 लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें कोई भी वायरस से संक्रमित नहीं हैं। शेष को ट्रेस किया जा रहा है।
जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग ने जिला कांगड़ा में होटल संचालकों के साथ बैठक कर सर्तकता बरतने के निर्देश दिए। होटल संचालकों को बताया गया कि विदेश व बाहर से आने वाले पर्यटकों की सेहत देखकर ही कमरा दें। पर्यटकों व ग्राहकों से पूछें कि विदेश दौरे से तो नहीं आए हैं।
- Advertisement -