-
Advertisement
चीन बॉर्डर पर शहीद हुए रोहित को नम आंखों के साथ अंतिम विदाई, बहन ने दी मुखाग्नि
Last Updated on January 4, 2024 by sintu kumar
रविंद्र चौधरी/कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लंज के 24 वर्षीय सैनिक ने शहादत पाई है। शहीद रोहित कुमार (Martyred Rohit Kumar) का गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ लंज खास में अंतिम संस्कार (Funeral) हुआ। नायब सूबेदार ओम प्रकाश के नेतृत्व में आई सेना की टुकड़ी ने हवा में फायर दाग कर और पूरे लंज क्षेत्र के लोगों ने नम आंखों के साथ रोहित को विदाई दी। बहन रीता देवी ने अपने भाई को मुखाग्नि दी। ADC कांगडा रोहित जस्सल, तहसीलदार कांगडा मोहित रतन पंचायत प्रधान रेखा देवी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
शहीद रोहित कुमार की प्रारंभिक शिक्षा लंज स्कूल (Lunge School) से हुई थी। रोहित कुमार वर्ष 2018 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पूर्वोत्तर अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा पर ड्यूटी पर तैनात थे। सोमवार को ड्यूटी के दौरान ग्लेशियर पर पैर फिसलने से रोहित कुमार गहरी खाई में गिर गए। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाहर उन्हें खाई से बाहर निकाला गया।
उन्हें सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सैन्य अधिकारी ने रोहित के मामा पवन कुमार को नौजवान के शहीद होने की खबर दी थी। रोहित अभी अविवाहित थे। वह अपने पीछे मां और बहन को छोड़ गए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दोड़ गई है। वहीं, रोहित की शहादत पर शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने गहरा दुख प्रकट किया है।