-
Advertisement
Karva Chauth | Excitement | Married Women |
हिमाचल में चांद का दीदार करने के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। करवा चौथ के लिए पर्यटन निगम सहित निजी होटलों ने कई आकर्षक पैकेज जारी किए हैं। पर्यटन निगम के होटलों में नौ और 10 अक्टूबर को कमरों की बुकिंग पर दस फीसदी की छूट मिलेगी। कई निजी होटल भी यह छूट दे रहे हैं। इसके अलावा सरगी और पूजा थाली निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। पर्यटन विकास निगम सहित कई निजी होटलों ने खास करवाचौथ स्पेशल पैकेज जारी किए हैं, जिनमें रात्रि प्रवास, विशेष डिनर, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चांद देखने के लिए छत या ओपन टैरेस व्यू की सुविधाएं शामिल हैं। कई कपल्स और परिवार पर्व को मनाने के लिए इन हिल स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं। पर्व के चलते प्रदेश के बाजारों में भी खूब चहल-पहल देखने को मिल रही है। सिंदूर, चुनरी, पूजा थाली, छलनी, साज-श्रृंगार के सामान और उपवास सामग्री की बिक्री में भारी बढ़ोतरी हुई है। ब्यूटी पार्लर और मेहंदी लगाने वालों के पास भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
