-
Advertisement
ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, दूसरी शादी का दबाव बना हत्या का कारण
Last Updated on June 10, 2023 by sintu kumar
मंडी। पंडोह के 9 मील के पास 5 जून को महिला के हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय प्रकाश यादव पुत्र अशोक यादव निवासी सोलोपति लालपुर थाना श्रृंगेश्वर जिला माधेवपुर बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में प्रकाश ने बताया है कि उसके तीन बच्चे हैं। जिस महिला की उसने हत्या की उसके भी दो बच्चे हैं। दोनों के आपस में नाजायज संबंध थे।
महिला ने जब दूसरी शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने डेढ़ महीना पहले शादी तो कर ली, लेकिन उसने महिला को ठिकाने लगाने की ठान ली थी। वह उसे घुमाने के बहाने हिमाचल लेकर आया। कुल्लू में अपने चचेरे भाई के पास रूका। वापसी में पंडोह के साथ लगते 9 मील के पास बस से उतरा और पहाड़ी पर ले जाकर महिला को मौत के घाट उतारने के बाद वहां से फरार हो गया।
यह भी पढ़े:सलूणी हत्याकांड: प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी युवक की हत्या, 3 अरेस्ट
मृतका की पहचान 24 वर्षीय प्रियंका यादव पुत्री बच्चा यादव निवासी सोपोल बिहार के रूप में हुई है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है और वे शव को लेने मंडी आ रहे हैं। इस मामले में बिहार, यूपी और रेलवे पुलिस ने भी आरोपी को पकड़ने में काफी मदद की।