-
Advertisement
पांवटा साहिब: बॉयोटेक फैक्टरी में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान का अनुमान
पांवटा साहिब। शहर के बद्रीपुर में सृष्टि बॉयोटेक फैक्टरी में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से भड़की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दमकल टीमें भी नुकसान का जायजा लेने में जुटी है। सही आकलन के बाद ही नुकसान का पता लगेगा। इतना जरूर है कि इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में हादसाः खाई में लुढ़की कार, तीन युवकों की मौके पर गई जान
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह अचानक ही फैक्टरी से आग की लपटें और धुआं आसमान की ओर दिखाई दिया। इसकी जानकारी प्रबंधन ने दमकल विभाग को दी। साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। यहां ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस उद्योग में मेडीक्रीम व लोशन ट्यूब तैयार होती हैं। आग इतनी भयानक थी कि फायर टीमों को भी आग का काबू पाने में चार से पांच घंटे का समय लग गया। इस इकाई के आसपास रिहायिश और दुकानें भी हैं, जिन्हें खतरा पैदा हो सकता था, लेकिन दमकल विभाग ने आग पर काबू पाकर करोड़ों रुपये की संपति समय रहते बचा ली। उधर, अग्निशमन केंद्र प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत से काबू पा लिया है। फैक्टरी को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फैक्टरी को कितना नुकसान हुआ, इसकी स्थिति जल्द साफ होगी।

