- Advertisement -
नई दिल्ली। कानपुर मुठभेड़ में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मास्टरमाइंड विकास दुबे (Vikas Dubey) एनकाउंटर में मारा गया। एनकाउंटर में गंभीर रूप से घायल हुए विकास दुबे की मौत हो गई है। इस एनकाउंटर (Encounter) में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। कानपुर के एसएसपी दिनेश कुमार ने एनकाउंटर की पुष्टि की है। एसएसपी दिनेश कुमार का कहना है कि गाड़ी पलटने के बाद विकास दुबे पुलिसवालों का हथियार छीनकर भाग निकला। उसे सरेंडर करने का मौका दिया गया था, लेकिन विकास दुबे ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई है।
एसएसपी दिनेश कुमार ने कहा कि जैसे ही गाड़ी का एक्सीडेंट (Accident) हुआ, विकास दुबे घायल पुलिसकर्मी का पिस्टल छीनकर भागने लगा। पुलिस ने कई बार उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विकास दुबे को सीने और कमर में गोली लगी। हालांकि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि हमने फायरिंग की आवाज सुनी थी। गाड़ी का एक्सीडेंट नहीं हुआ था। हमने गोली की आवाज सुनी। इसके बाद पुलिस ने हमें भगाने की कोशिश की। हम वहां से हट गए। हादसे को लेकर यूपी एसटीएफ के अफसर अभी कुछ बोलने से बच रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि मीडिया की नजर से विकास दुबे को बचाने के लिए गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। बारिश और तेज रफ्तार के कारण गाड़ी पलट गई।
बता दें कि गुरुवार को ही विकास दुबे उज्जैन (Ujjain) के महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया था। वारदात के बाद से फरार विकास यूपी, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश पुलिस को चकमा देकर दर्शन करने मंदिर पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद विकास से पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में दो घंटे से ज्यादा पूछताछ की गई। इसके बाद उसे मध्यप्रदेश पुलिस ने यूपी एसटीएफ को सौंप दिया था।
- Advertisement -