-
Advertisement
Municipal Corporation Elections- गरीबों को कांग्रेस-BJP ने नहीं लड़ाया चुनाव, एक अनपढ़ भी मैदान में
Municipal Corporation Elections: हिमाचल प्रदेश के 4 नगर निगम (Nagar Nigam Election) में चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव लड रहे अधिकांश प्रत्याशी 12वीं या इससे कम पढ़े-लिखे हैं। 46 दावेदारों ने ग्रेजुएशन, 30 ने पोस्ट ग्रेजुएशन कर रखी है, जबकि 40 उम्मीदवार 10वीं से 12वीं पास, 41 दावेदार मैट्रिक पास और 14 प्रत्याशी ऐसे हैं जिन्होंने 10वीं से कम पढ़ाई कर रखी है। नामांकन भरने वालों में एक अनपढ़ भी है। देखने वाली बात ये है कि खर्चीलें हो चुके चुनाव के चलते गरीब न तो खुद चुनाव लड़ पा रहा है और न ही कांग्रेस-बीजेपी ने इन्हें टिकट दिया है। प्रदेश के चार नगर निगम सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला में चुनाव मैदान में कुल 172 उम्मीदवार हैं। इनमें बीपीएल परिवार (BPL Family) का सिर्फ एक ही उम्मीदवार है, जबकि 38 उम्मीदवार टैक्स पेयर, 116 उम्मीदवार एपीएल व 17 नॉन टैक्स पेयर हैं। इनमें बीजेपी के 62 उम्मीदवार, कांग्रेस के 63 और 47 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। चुनावों में अमीर और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ महिलाओं का भी खूब दबदबा है। स्टेट इलेक्शन कमीशन की रिपोर्ट के मुताबिक,96 महिलाएं और 76 पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चारों नगर निगम में 17 मई को वोटिंग होगी और 31 मई को रिजल्ट आएंगे।
बीजेपी ने पांच नेताओं को पार्टी से निकाला
नगर निगम चुनावों के बीच बीजेपी (BJP) ने अनुशासनहीनता के आरोप में पांच नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें धर्मशाला के पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया (Onkar Nehria) और पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर भी शामिल हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर बीजेपी प्रदेश नेतृत्व ने इन पदाधिकारियों की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित की है। इस कड़े फैसले के बाद इन नेताओं का अब पार्टी से कोई आधिकारिक संबंध नहीं रह गया है। यह कार्रवाई उन नेताओं के खिलाफ की गई है. जिन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया था। निलंबित होने वालों में वार्ड नंबर 2 से चुनाव लड़ रहे पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया और वार्ड नंबर 6 से ताल ठोक रहीं पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर प्रमुख हैं। इनके अलावा, धर्मशाला शहरी मंडल की मंडल सचिव सरोज गुलेरिया को वार्ड नंबर 8 से चुनाव लड़ने के कारण, वार्ड नंबर 14 के बूथ अध्यक्ष मितुल शुक्ला को अनुशासनहीनता के चलते और महिला मोर्चा की शहरी मंडल सचिव हिमांशी अग्रवाल को वार्ड नंबर 1 से चुनावी मैदान में होने के कारण पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार का बीजेपी पर हमला
नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस ने बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा पर तीखे हमले किए हैं। कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार (Chander Kumar)ने आरोप लगाया कि धर्मशाला आज स्मार्ट सिटी (Smart City) नहीं, बल्कि पंचायत से भी बदतर स्थिति में पहुंच गई है। चंद्र कुमार ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार के समय सुधीर शर्मा शहरी विकास मंत्री थे, तब उन्होंने स्मार्ट सिटी का ब्लूप्रिंट तैयार किया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सुधीर शर्मा (Sudhir Sharma)ने चालाकी से अपना घर स्मार्ट सिटी के दायरे से बाहर रखा, ताकि उन्हें शहरी टैक्स न देना पड़े। वहीं शेष शहर को स्मार्ट सिटी घोषित कर जनता पर बोझ डाल दिया गया। विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए चंद्र ने बताया कि सुधीर शर्मा ने अपने घर के पास एडीबी के करोड़ों रुपए खर्च कर ट्यूलिप गार्डन का निर्माण करवाया था, जो आज खंडहर में तब्दील हो चुका है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि इस ट्यूलिप गार्डन का निर्माण वन भूमि पर बिना संबंधित विभाग की अनुमति के किया गया है।
-राहुल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

