-
Advertisement
CBI अफसर पर लगे धमकाने व गला घोंटने के प्रयास के आरोप, एसपी शिमला को दी शिकायत
Himachal News: मंडी जिले के एक पूर्व प्रधान ने सीबीआई के अधिकारी (CBI officer )पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एसपी शिमला( SP shimla) को दी गई शिकायत में पूर्व प्रधान का आरोप है कि सीबीआई के एक अधिकारी ने उस पर जबरन बयान बदलने और झूठी गवाही देने के लिए दबाव बनाया साथ ही उसका गला दबाने की भी कोशिश की। एसपी को लिखित में शिकायत सौंपकर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बल्ह की सिध्याणी पंचायत का पूर्व प्रधान है शिकायतकर्ता
जानकारी के अनुसार, मंडी के बल्ह की पंचायत सिध्याणी के पूर्व प्रधान गिरधारी लाल का कहना है कि वह चिट्टा तस्करों के मामले में मौके का गवाह था। इस मामले में पुलिस पर मिली भगत के आरोप लगे थे। तस्करों के परिजनों की शिकायत पर अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। एक सीबीआई अधिकारी 18 सितंबर को उसके घर आया और पूछताछ के बाद शिमला आने के लिए कहा था। 22 सितंबर को वह शिमला स्थित सीबीआई कार्यालय में गया। इसके बाद 30 सितंबर को उसे फिर से बुलाया गया
बयान बदलने को टॉचर्र किया गया
गिरधारी का आरोप है कि हर बार उसे अपना बयान बदलने को टॉचर्र किया गया और अधिकारी ने उसका गला तक पकड़कर दबाने का प्रयास किया। अधिकारी चाहता है कि गिरधारी यह बयान दे कि उसे पुलिस वाले मौके का गवाह बनाने के लिए घर से उठाकर लेकर गए थे, जबकि गिरधारी का कहना है कि वह और कृष्ण चंद उस वक्त मौके पर ही थे जब रिवालसर पुलिस की टीम ने चिट्टा तस्करों को पकड़ा था। गिरधारी लाल ने एसपी शिमला से न्याय की गुहार लगाई है और कहा है कि अगर न्याय नहीं मिलता है तो वह आमरन अनशन पर बैठने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि गिरधारी लाल की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। नियमों के तहत सीसीटीवी की निगरानी में पूछताछ की जाती है। शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संजू चौधरी
