-
Advertisement
सीएम सुक्खू सहित मंत्री बैठे उपवास पर , मनरेगा से ‘गांधी’ नाम हटाने का हो रहा विरोध
Himachal Congress: मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने के विरोध में सीएम सुखविंदर कुमार सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल समेत मंत्री और कांग्रेस नेता शिमला के रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने उपवास पर बैठे। इससे पहले सीएम सहित सभी कांग्रेस नेताओं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कांग्रेस गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने देगी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार ग्रामीण इलाकों में लोगों की रोजी-रोटी उनसे छीन रही है। कांग्रेस गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। केंद्र ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटा कर इसकी आत्मा को ही खत्म कर दिया है। मनरेगा को बचाने के लिए कांग्रेस दो सप्ताह से देशभर में आंदोलन कर रही है। विनय कुमार ने कहा कि, जी राम जी योजना से केवल नोटिफाई एरिया में ही रोजगार मिल पाएगा। उसकी भी गारंटी नहीं है। इससे ग्रामीण भारत में विकास भी ठप होगा। उन्होंने कहा कि, यदि केंद्र सरकार मनरेगा के पहले स्वरूप को वापस नहीं करती तो कांग्रेस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
रजनी पाटिल दोपहर बाद लेगी बैठक
इसी मामले में कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सभी जिला अध्यक्षों तथा मनरेगा बचाओ अभियान के लिए नियुक्त जिला व ब्लॉक समन्वयकों (कॉर्डिनेटर) के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवादल के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस सचिव ने सभी जिला अध्यक्षों, जिला व ब्लॉक कॉर्डिनेटरों तथा अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों से इन बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया है।
संजू चौधरी
