-
Advertisement
हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में अब सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, AIIMS दिल्ली से सस्ता इलाज
Robotic Surgery in Himachal: हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को अब सप्ताह के सातों दिन अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिलेगी। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए इसे निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए। सीएम ने प्रदेश में मात्र 15 महीनों के भीतर 1,100 से अधिक सफल रोबोटिक सर्जरी करने की उल्लेखनीय उपलब्धि पर चिकित्सकों की टीम की सराहना की और युवा डॉक्टरों को भी इस तकनीक में दक्ष बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण देने को कहा।
चार मेडिकल कॉलेजों में एम्स दिल्ली से कम दरों पर इलाज
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के चार प्रमुख चिकित्सा संस्थानोंटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक और इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी) शिमला में यह सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इस तकनीक से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसे जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए हैं। सरकार अब राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी इस सुविधा के विस्तार पर विचार कर रही है।
मरीजों को जल्दी छुट्टी, लंबित ऑपरेशनों की मांगी रिपोर्ट
सीएम सुक्खू ने बताया कि रोबोटिक तकनीक से छोटा चीरा लगने और न्यूनतम रक्तस्राव होने के कारण ओपन सर्जरी की तुलना में मरीजों के अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो गई है। इससे मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों (नर्सें व ओटी सहायक) को प्रशिक्षित किया जा चुका है। सीएम ने सभी मेडिकल कॉलेजों से लंबित ऑपरेशनों की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।
मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से जुड़े
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डी.के. वर्मा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार और चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. गोपाल बेरी उपस्थित रहे, जबकि मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
