-
Advertisement
हिमाचलः सांसद के पिता की Facebook आईडी हैक कर रिश्तेदारों से मांगे पैसे
नाहन। शिमला संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप (MP Suresh Kashyap) के पिता चमेल सिंह की फेसबुक (Facebook) आईडी हैक कर हैकरों ने उनके रिश्तेदारों से 10 हजार रुपए की मांग की है। सुरेश कश्यप ने अपने फेसबुक पेज पर यह मामला शेयर कर हैकर द्वारा दिए अकाउंट (Account) में पैसे ना डालने का आग्रह किया है। सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि उनके पिता की फेसबुक आईडी हैक की गई है। हैकर ने उनके रिश्तेदारों से अकाउंट में पैसे डालने को कहा। इसकी सूचना पुलिस (Police) को दे दी है। फ़ेसबुक अकाउंट ब्लॉक करा दिया है।
यह भी पढ़ें: शिक्षा विभाग से Retire शुभराज हुआ धोखाधड़ी का शिकार, जिंदगीभर की जमापूंजी साफ

बताया जा रहा है कि पच्छाद उपमंडल की बजगा पंचायत के गागल शिकोर निवासी चमेल सिंह की पुत्रवधू रजनी कश्यप को धर्मशाला (Dharamshala) से उनकी बहन का फोन आया। उन्होंने पूछा कि क्या कोई दुर्घटना हुई है। रजनी कश्यप ने बताया कि ऐसा तो कुछ भी नहीं हुआ है। जब रजनी ने कारण पूछा तो उसकी बहन ने कहा कि मैसेंजर पर उनके ससुर की आईडी से 10 हजार रुपए तुरंत अकाउंट में डालने के लिए कहा था। हैकर ने बकायदा बैंक ब्रांच नोएडा का अकाउंट नंबर 917419019187 व पेटीएम (Paytm) नंबर भी दिया है। मामला यहीं नहीं थमा चमेल सिंह के पोते विपुल को भी मैसेंजर (Messenger) पर हैकर ने अकाउंट में पैसे डालने का मैसेज किया। करीब एक दर्जन लोगों से हैकर ने पैसे की मांग की। सुरेश के पिता चमेल ने ऐसा कोई मैसेज ना भेजने की बात कही है। इसके बाद सांसद ने पुलिस को सूचित किया और पिता की आईडी ब्लॉक करवाई।

