-
Advertisement
ना जाने कब बनेगा जसूर में फ्लाईओवर, व्यापारियों और टेंपो चालकों का धंधा हो गया ठप
Himachal News: कांगड़ा के जसूर में पिछले तीन वर्षों से निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम अब स्थानीय कारोबारियों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क के बीचों-बीच निर्माण सामग्री के ढेर, जगह-जगह खुदाई, खोखले पड़े रास्ते और अव्यवस्थित ट्रैफिक ने बाजार की रफ्तार जैसे रोक दी है। हालत यह है कि रोज़ाना दुकानें खोलने वाले व्यापारी भी अब नुकसान के डर से भारी मन लेकर दुकान का शटर उठाते हैं।
पहले होते थे दुकानों में ग्राहक अब पसरा सन्नाटा
स्थानीय व्यापारी अंकित, रवि,राजकुमार,बंटी, रघु और कई अन्य दुकानदारों ने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि तीन साल से फ्लाईओवर का यह अंतहीन निर्माण उनके लिए आर्थिक तूफान बन गया है। जो दुकानें पहले दिनभर ग्राहकों से भरी रहती थीं, अब वहां सन्नाटा पसरा रहता है। सड़क के बीचों-बीच मटीरियल रख दिया गया है, साफ रास्ता ही नहीं छोड़ा गया। ग्राहक आना तो दूर, गाड़ी खड़ी करने की भी जगह नहीं मिलती।

दुकान का किराया तक भरना मुश्किल
राजकुमार, भावुक होकर बताते हैं कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई व्यापारियों को अब दुकान का किराया तक भरना मुश्किल हो रहा है। फ्लाईओवर का काम कब पूरा होगा, कोई बता नहीं रहा। लेकिन नुकसान हर दिन बढ़ता जा रहा है।सिर्फ व्यापारी ही नहीं, टेंपो चालकों की स्थिति भी बेहद गंभीर हो गई है। जसूर बाजार में रोज़ाना दर्जनों टेंपो चालक अपनी रोज़ी कमाते हैं, लेकिन टूटी सड़कों और लगातार जाम ने उनकी आय पर गहरी चोट की है।
रास्ता बंद ऊपर से डीज़ल महंगा
एक टेंपो चालक भावुक होकरकहना है दिन में कई बार ऐसा लगता है कि कोई हमारी मेहनत पर हथौड़ा चला रहा हो। गाड़ी चलाना मुश्किल, रास्ता बंद, और ऊपर से डीज़ल महंगा, हमारी रोज़ी-रोटी खतरे में है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को फ्लाईओवर जरूर बनाना चाहिए, लेकिन काम की धीमी रफ्तार और बदहाल प्रबंधन ने बाजार को लगभग ठप कर दिया है।
उम्मीद और अनिश्चितता के बीच अटका काम
लोग मांग कर रहे हैं कि कम से कम सड़क के बीच से मटीरियल हटाकर आवाजाही सुचारू की जाए और एक स्पष्ट समय सीमा घोषित की जाए, ताकि कारोबारियों और चालकों को कुछ राहत मिल सके। फिलहाल, जसूर का बाजार उम्मीद और अनिश्चितता के बीच अटका हुआ है,फ्लाईओवर कब बनेगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं, लेकिन रोज़ी-रोटी की चिंता हर चेहरे पर साफ दिख रही है।
ऋषि महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
