-
Advertisement

विकास दुबे की गिरफ्तारी या सरेंडर: MP के गृह मंत्री का कानपुर कनेक्शन; Congress ने लगाए बड़े आरोप
नई दिल्ली। गैंगस्टर विकास दुबे (Vikas Dubey) को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार (Arrested) किया गया है। उज्जैन (मध्य प्रदेश) के कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया, ‘विकास दुबे उज्जैन महाकाल मंदिर जा रहा था, उसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उसे पहचान लिया।’ गौरतलब है कि हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गए डीएसपी समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या (Murder) के बाद से ही पुलिस विकास की तलाश कर रही थी। वहीं दुबे की गिरफ्तारी के बाद से इस बात की गुत्थी उलझती जा रही है कि उसे गिरफ्तार किया गया है या उसने सरेंडर किया है। कांग्रेस की तरफ से इस मामले में कई तरह के सवाल खड़े किए गए हैं। यूपी कांग्रेस की ओर से गुरुवार को ट्वीट कर नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) और कानपुर के कनेक्शन को दिखाया गया। ट्वीट में कहा गया कि चुनाव में नरोत्तम मिश्रा कानपुर के प्रभारी थे और अब वो उज्जैन के प्रभारी हैं। बता दें कि नरोत्तम मिश्रा ही मध्य प्रदेश के गृह मंत्री हैं।
यूपी कांग्रेस ने गुरुवार को ये ट्वीट किया…
आप Chronology से जुड़े कुछ तथ्य समझिए
– विकास दुबे उज्जैन से गिरफ्तार हुआ
– नरोत्तम मिश्रा मध्यप्रदेश के गृह मंत्री है
– नरोत्तम मिश्रा उज्जैन के प्रभारी मंत्री है
– नरोत्तम मिश्रा कानपुर चुनाव में प्रभारी थे
– विकास दुबे कानपुर का रहने वाला है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा यूपी चुनाव में कानपुर के प्रभारी थे, और अभी उज्जैन के प्रभारी हैं।
— MP Congress (@INCMP) July 9, 2020
इसके अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से ट्वीट किया गया कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा यूपी चुनाव में कानपुर के प्रभारी थे, और अभी उज्जैन के प्रभारी हैं। बता दें कि विकास दुबे के पकड़े जाने के बाद सबसे पहले नरोत्तम मिश्रा का ही बयान सामने आया था। नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि हमारी पुलिस किसी को छोड़ती नहीं है, विकास को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने कहा है कि कानपुर के जघन्य हत्याकांड पर यूपी सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई। प्रियंका ने कहा कि अलर्ट के बावजूद आरोपी का उज्जैन तक पहुंचना, न सिर्फ सुरक्षा के दावों की पोल खोलता है बल्कि मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
… तीन महीने पुराने पत्र पर ‘नो एक्शन’ और कुख्यात अपराधियों की सूची में ‘विकास’ का नाम न होना बताता है कि इस मामले के तार दूर तक जुड़े हैं।
यूपी सरकार को मामले की CBI जांच करा सभी तथ्यों और प्रोटेक्शन के ताल्लुकातों को जगज़ाहिर करना चाहिए। 2/2
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 9, 2020
यह भी पढ़ें: Breaking : कानपुर मुठभेड़ का मास्टरमाइंड Vikas Dubey गिरफ्तार, उज्जैन में किया Surrender
कल रात अचानक महाकाल मंदिर पहुंचे थे DM-SSP!
इस बीच यह भी खबर सामने आई है कि कल रात साढ़े दस बजे के आसपास उज्जैन के डीएम आशीष सिंह और एसएसपी मनोज कुमार भारी हड़बड़ाहट में उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे थे। सवाल उठ रहा है कि क्या इसका विकास की गिरफ्तारी से कोई संबंध है? वहीं उज्जैन पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें एक स्थानीय नागरिक है। सूत्रों ने बताया कि विकास दुबे ने दो वकीलों से मुलाकात की थी और इन्हीं ने विकास दुबे को उज्जैन पहुंचाने में मदद की थी। इन्हीं दोनों वकीलों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बता दें कि विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है। बताया जा रहा है कि शिवराज सिंह ने विकास दुबे को यूपी पुलिस को हैंडओवर करने का भरोसा दिया है। अब यूपी पुलिस ट्रांजिट रिमांड लेकर विकास दुबे को उत्तर प्रदेश लाएगी।