-
Advertisement
नगर निकाय चुनावः प्रत्याशी के साथ एक व्यक्ति ही जा सकेगा Nomination दाखिल करने
धर्मशाला। नगर निकाय चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी (Returning officer) के कक्ष में नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के लिए आने वाले व्यक्तियों के लिए साबुन, पानी एवं सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी एवं इसके प्रयोग के लिए कर्मी की नियुक्ति की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मास्क के बिना रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नामांकन पत्र (Nomination Papers) प्रस्तुत करने के लिए केवल प्रत्याशी एवं उसके साथ एक अन्य व्यक्ति को ही रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। नामांकन के अवसर पर अधिकतम दो वाहनों की ही अनुमति होगी। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार आयोग की बेवसाइट से नामांकन पत्र डाउनलोड कर उसका उपयोग कर सकेंगे। यदि कोई कोविड (Covid) रोगी या संगरोध में रह रहा व्यक्ति निर्वाचन लड़ना चाहता है तो वह अपना नामांकन पत्र अपने प्रस्तावित या किसी अन्य प्राधिकृत व्यक्ति द्वारा रिटर्निंग अधिकारी को प्रस्तुत कर सकता है। ऐसे व्यक्ति रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष स्वयं नहीं जाएंगे।
यह भी पढ़ें: #Corona-Positive व होम आईसोलेशन वाले भी लड़ सकेंगे पंचायत चुनाव, करना होगा ये काम
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति (DC Kangra Rakesh Kumar Prajapati) ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय नगर निकायों के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया कल यानी 24 दिसंबर से आरंभ हो जाएगी, इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का ध्यान रखने के भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने बताया कि कांगड़ा जिला में नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए उम्मीदवार 24, 26 और 28 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन भर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर को प्रातः 10 बजे के बाद नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 31 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। नामांकन पत्र वापस लेने के तुरन्त बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चिन्ह जारी कर दिए जाएंगे। डीसी ने बताया कि अधिसूचना (Notification) के अनुसार मतदान 10 जनवरी को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी और फिर तत्काल बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

