-
Advertisement
बड़ी खबरः घर भेजे जाएंगे Una में क्वारंटाइन किए विभिन्न जिलों के लोग
Last Updated on April 13, 2020 by Sintu Kumar
ऊना। देश भर में लॉकडाउन के चलते जिला ऊना (Una) के विभिन्न बफर क्वारंटाइन में रह रहे व्यक्तियों को घर पहुंचाने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू हो रही है। इस बारे में जानकारी देते हुए डीसी (DC) ऊना संदीप कुमार ने बताया कि सबसे पहले उन व्यक्तियों को घर जाने की अनुमति प्रदान की जा रही है जो निजी वाहनों में आए थे। इनके साथ-साथ जिला ऊना के स्थानीय निवासियों को भी बस के माध्यम से घर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। अन्य जिलों से संबंधित व्यक्तियों को भी बसों के माध्यम से उनके गंतव्यों तक पहुंचाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Kangra में अब किसान 24 घंटे कर सकते हैं फसल कटाई का कार्य
इसके लिए संबंधित उपायुक्तों से बातचीत कर खाका तैयार किया जा रहा है, ताकि ऐसे व्यक्तियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। डीसी ने बताया कि इसके लिए क्वारंटाइन की अवधि पूरी कर चुके सभी व्यक्तियों को आवश्यक पास प्रदान किए जा रहे हैं। जिन बसों के माध्यम से व्यक्तियों को छोड़ा जाएगा, उन्हें अच्छी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा और छोड़ने के बाद एक बार पुनः बसों की सैनिटाइजेशन होगी। उन्होंने कहा कि बसों में व्यक्तियों को सामाजिक दूरी के नियम का पालन करते हुए बिठाया जाएगा। व्यक्तियों के जाने के बाद बफर क्वारंटाइन सेंटर को भी सैनिटाइज किया जाएगा।
14 दिन होम क्वारंटीन में रहना होगा
डीसी ने कहा कि बफर क्वारंटाइन में रह रहे व्यक्तियों को सशर्त घर भेजा जा रहा है। इसके लिए सभी व्यक्तियों को घर पहुंचने के बाद 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन में रहना होगा और होम क्वारंटाइन की शर्तों को लिखित में मानना होगा। पंचायतों व शहरी निकायों को ऐसे व्यक्तियों से होम क्वारंटाइन की शर्तों का पालन करने का दायित्व प्रदान किया जाएगा। होम क्वारंटाइन की शर्तों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें फिर से क्वारंटाइन सेंटर में अलग से रखा जाएगा। डीसी संदीप कुमार ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानें अब सुबह 7 बजे से सुबह 11 बजे तक खुली रह सकेंगी। यह आदेश सोमवार शाम छह बजे से लागू होंगे।
क्या है मामला
बता दें कि कर्फ्यू के दौरान बाहरी राज्यों से हिमाचल लौटने की फिराक में हिमाचल बॉर्डर पर इंटर लोगों को बफर क्वारंटाइन में रखा गया था। इसमें कुछ लोग अपने वाहनों में आए थे। कुछ लोग अन्य वाहनों में लिफ्ट लेकर या फिर पैदल हिमाचल बॉर्डर पर पहुंचे थे। करीब एक हजार के लोग बफर क्वारंटाइम में थे।