-
Advertisement
जालंधर में खुला शराब का ‘वुमन फ्रेंडली’ ठेका, विपक्ष ने सरकार को घेरा
Last Updated on August 11, 2023 by Soumitra Roy
चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार (Aam Admi Party Govt) ने अब महिलाओं के लिए स्पेशल शराब का ठेका खोला है। जालंधर के लंबा पिंड चौक पर खुले इस ठेके (Liquor Shop) का नाम ‘वुमन फ्रेंडली’ (Women Friendly) दिया गया है। भगवंत मान सरकार के इस कदम से आम आदमी पार्टी कांग्रेस और बीजेपी दोनों के निशाने पर आ गई है।
पंजाब कांग्रेस (INC) के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इसे शर्मनाक बताया है। उधर, पंजाब बीजेपी (BJP) ने इसे CM भगवंत मान का शराब के प्रति प्रेम बताते हुए तंज कसा है। दोनों पार्टी के नेताओं ने कहा कि नशे ने पंजाब की जवानी को बर्बाद कर दिया, लेकिन मान सरकार अब घर-घर बर्बाद करने पर आमादा है। हालांकि इस पर सरकार या आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यह भी पढ़े:सरकार दिखा रही दादागिरी, मंडियों के बाहर सेब बेचने को मजबूर बागवान : बोले बलबीर वर्मा
उठे ये सवाल
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि नशा पहले ही पंजाब (Punjab) की कई पीढ़ी निगल चुका है। राजा वड़िंग ने पूछा कि अब महिलाओं के लिए शराब के ठेके खोलकर CM पंजाब भगवंत मान क्या करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बदलाव का यह नया रूप बहुत भयानक है, जिसके खतरनाक नतीजे सामने आएंगे।
गृहस्थी तबाह करने पर उतरी सरकार
पंजाब बीजेपी के प्रदेश मीडिया इंचार्ज जनार्दन शर्मा ने कहा कि पंजाब पहले ही नशे की गर्त में समा रहा है। लेकिन अब रही-सही कसर AAP सरकार ने महिलाओं के लिए शराब के ठेके खोलकर पूरी कर दी। जबकि नशे (Drugs) ने लोगों के घर बर्बाद कर दिए हैं और राज्य सरकार अब लोगों की गृहस्थी बर्बाद करने पर उतर आई है।
वादा भूल गई AAP सरकार
पंजाब भाजपा ने कहा कि AAP सरकार ने विधानसभा चुनावों के दौरान लोगों से युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने का दावा किया था, लेकिन अब मान सरकार ने अपनी पार्टी के इस वादे को भुला कर महिलाओं के लिए भी ठेके खोल दिए हैं। जनार्दन शर्मा ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में फाइव स्टार सुविधाओं से लैस शराब के ठेके (Liquor Shops) जगह-जगह खुल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब लोगों की शराब से दूरी एक किलोमीटर भी नहीं रही है।