-
Advertisement
मटन सिद्ध में खुला शराब का ठेका तो विरोध जताने पहुंच गए लोग, प्रधान ने दी थी एनओसी
हमीरपुर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 पर मटन सिद्ध क्षेत्र में नया शराब का ठेका खोले जाने का स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। महिला मंडल मटनसिद्ध की महिलाओं ने शराब के ठेके के बाहर बैठ कर धरना दिया और ठेका को बंद करने की मांग की। वहीं महिलाओं के धरने पर बैठने पर मौके पर पुलिस पहुंची और आबकारी काराधान के अधिकारी भी पहुंच गए। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि शराब ठेके के खुलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित होगी और ग्राम पंचायत प्रधान ने अपनी मनमर्जी से शराब ठेका खोलने के लिए एनओसी दे रही है।
यह भी पढ़े:डीजीपी की चेतावनी- ट्रक ऑपरेटर यूनियन एलपीजी सप्लाई को बाधित करने का दुस्साहस ना करें
नशे के प्रचलन को बढ़ावा मिलेगा
ग्रामीणों का कहना है कि यहां शराब का ठेका खुलने से नशे के प्रचलन को बढ़ावा मिलेगा।महिला मंडल मटनसिद्ध तथा स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भी क्षेत्र में शराब का ठेका खोला गया था, जिसका ग्रामीणों ने खुलकर विरोध किया था। ग्रामीणों के विरोध के उपरांत शराब के ठेके को वहां से हटाया गया। वहीं ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान की कार्यशैली को भी सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना उन्हें विश्वास में लिए प्रधान की तरफ से एनओसी जारी की गई है। ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन की बात सुनकर पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों से बातचीत की गई। वही ठेका संचालकों की माने तो उन्हें विभाग से ठेका खोलने के संदर्भ में अनुमति प्राप्त है तथा प्रधान की तरफ से भी एनओसी मिली है। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही यहां यह ठेका खोला गया है।
यह भी पढ़े:प्रस्तावित शराब फैक्ट्री के खिलाफ डीसी के द्वार पहुंचे लोग, बोले- कुछ भी हो विरोध करते रहेंगे
शराब ठेका खोलने के लिए पंचायत से एनओसी मिली है
डुग्घा पंचायत उप प्रधान अंचल सिंह पटियाल ने बताया कि प्रधान ने बिना पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में लिए एनओसी जारी की है। जिसका क्षेत्रवासी विरोध जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शराब का ठेका ना खोले जाने को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। वर्तमान प्रधान ने उसकी उल्लंघन करते हुए एनओसी जारी की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से हमारी मांग है कि इस ठेके को बंद किया जाए। आबकारी एवं कराधान अधिकारी वरूण कटोच का कहना है कि शराब ठेका खोलने के लिए पंचायत से एनओसी मिली है और तभी शराब ठेका खोला गया है । उन्होंने बताया कि लोगों का विरोध किया जा रहा है जिसके लिए पंचायत प्रधान ही बता सकते है।

