-
Advertisement
Una में कोविड सेंटर में गुत्थम-गुत्था हुए सफाई कर्मी, मची खलबली
हरोली। ऊना (Una) जिला के हरोली उपमंडल के खड्ड गांव स्थित डेडिकेटेड कोविड (Covid) केयर सेंटर में उस वक्त खलबली मच गई, जब सेंटर में तैनात सफाई कर्मचारियों ने शराब पीकर हंगामा खड़ा कर दिया। देखते ही देखते हंगामा कर रहे सफाई कर्मचारी आपस में गुत्थम-गुत्था हो गए। इसके चलते कोविड केयर सेंटर में खलबली मच गई। आपस में झगड़ा कर रहे 4 सफाई कर्मचारियों ने केयर सेंटर में जमकर हंगामा किया।
यह भी पढ़ें: Corona Breaking: मेडिकल जांच को ऊना से टांडा लाया दुराचार का आरोपी निकला पॉजिटिव
घटना की जानकारी पंडोगा पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी सफाई कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोविड केयर सेंटर में हुए इस हंगामे ने व्यवस्थाओं पर भी कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरहाल, पुलिस (Police) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी पंजाब के अमृतसर क्षेत्र राजा सांसी हवाई अड्डा के निवासी बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक खड्ड गांव स्थित डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में बतौर सफाई कर्मचारी सेवाएं दे रहे अमृतसर निवासी 21 वर्षीय सूरज, 23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, 24 वर्षीय मंजीत सिंह और 20 वर्षीय सर्वजीत सिंह सोमवार रात शराब के नशे में धुत्त होकर हंगामा करने लग पड़े। इसी दौरान चारों आरोपी आपस में उलझ पड़े और नौबत मारपीट तक जा पहुंची। कोविड केयर सेंटर में सफाई कर्मचारियों के हुड़दंग और मारपीट के चलते खलबली का माहौल पैदा हो गया। मामले की सूचना फौरन पंडोगा पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसपी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
नशे में धुत्त होकर घर में हंगामा करना पड़ा महंगा
हरोली उपमंडल के ईसपुर में एक व्यक्ति को शराब के नशे में धुत्त होकर अपने ही घर में हुड़दंग मचाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक ईसपुर निवासी 40 वर्षीय पवन कुमार पुत्र छांगा राम सोमवार रात शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। परिजनों ने उसे काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह झगड़े पर उतारू हो गया। इसके चलते परिजनों को मामले की सूचना पुलिस चौकी पंडोगा में दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी हरोली अनिल कुमार मेहता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस केस दर्ज करते हुए मामले की जांच में जुट गई है।
हिमाचल की ताजा अपडेट Live देखनें के लिए Subscribe करें आपका अपना हिमाचल अभी अभी YouTube Channel…


