-
Advertisement
Republic Day 2024: कर्तव्य पथ पर दिखा श्रीराम का बाल स्वरूप, UP की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
Last Updated on January 26, 2024 by Himachal Abhi Abhi
नेशलन डेस्क। देश आज 75वां गणतंत्र दिवस (Republic Day) मना रहा है। इस दौरान कर्तव्य पथ (Kartavya Path) पर विविधता की झांकी के साथ-साथ देश के शौर्य की झलक भी देखने को मिली। इस मौके पर इंडिया गेट के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जा रहा है। इस बार गणतंत्र दिवस की थीम महिलाओं को केंद्र में रखते हुए बनाई गई। गणतंत्र दिवस समारोह में सबसे खास कर्तव्य पथ पर निकलने वाली झांकियां रहीं। इनमें से यूपी की झांकी सबके आकर्षण का केंद्र रही।
सबसे आगे प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप
झांकी में सबसे आगे अयोध्या के प्रभु श्रीराम (Shri Ram) के बाल स्वरूप रहे। जिन्होंने सबका मन मोहा। प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रभु का ये बाल स्वरूप गणतंत्र दिवस समारोह में देखने को मिला। वहीं, रैपिड रेल मॉडल और ब्रह्मोस मिसाइल को भी इस झांकी में शामिल किया गया था। उत्तर प्रदेश की झांकी विकसित भारत-समृद्ध विरासत की थीम पर आधारित है।
21 तोपों की सलामी दी गई
राष्ट्रपति मुर्मू (President Murmu) ने कर्तव्य पथ पर सलामी मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान बजा और 21 तोपों की सलामी दी गई। जिसके बाद कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड शुरू हुई। कर्तव्य पथ पर सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर्स ने ध्वज फॉर्मेशन में कर्तव्य पथ पर फ्लाईपास्ट किया। साथ ही भारतीय सेना के सर्वाेच्च वीरता पुरस्कार विजेता परमवीर चक्र और अशोक चक्र से सम्मानित जाबांजों ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया।