-
Advertisement
बड़ी कार्रवाई : SBI जवाली 17 मई तक बंद, डीसी कांगड़ा ने जारी किए आदेश
जवाली। कोरोना महामारी के चलते सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) मेंटेन ना करने को लेकर एसबीआई जवाली पर डीसी कांगड़ा ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसी के निर्देश पर एसबीआई जवाली को 17 मई तक बंद कर दिया गया है। वहीं, एटीएम में रोजाना कैश डालने की हिदायत जारी की है। एसडीएम जवाली सलीम आजम, तहसीलदार संत राम नगर और नोडल अधिकारी करतार धीमान ने बैंक में पहुंचकर बैंक को 17 मई तक बंद करने के आदेशों से प्रबंधन को अवगत करवाया।
एसबीआई जवाली (SBI Jawali) पर कार्रवाई किए जाने की पुष्टि एसडीएम जवाली सलीम आजम ने की है। उन्होंने बताया कि एसबीआई जवाली के बाहर लगी उपभोक्ताओं की लंबी लाइनों में सोशल डिस्टेंसिंग के आदेशों की अवहेलना हो रही थी। बैंक प्रबंधन ने भी सोशल डिस्टेंसिंग के आदेशों की पालना सुनिश्चित नहीं करवाई थी। लोगों ने इसी फोटो सहित शिकायत डीसी कांगड़ा से की थी। डीसी कांगड़ा ने मामले में संज्ञान लेते हुए एसबीआई जवाली को 17 मई तक बंद करने के आदेश जारी किए हैं।

बता दें कि डीसी कांगड़ा ने हाल ही में बैंकों आदि में सोशल डिस्टेंसिंग के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के आदेश जारी किए थे। इसके लिए बैंक प्रबंधन को जिम्मेदार बनाया था। यह भी कहा था कि अगर कहीं पर सोशल डिस्टेंसिंग के आदेशों की अवहेलना होगी तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैंक आदि को बंद कर दिया जाएगा।
