- Advertisement -
मंडी। छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर में जारी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव (International Shivaratri Festival Mandi) की दूसरी पारंपरिक शोभायात्रा आज पूरे धूमधाम से निकाली गई। दूसरी शोभायात्रा (Second Traditional Procession) में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सर्वप्रथम उन्हें पगड़ी बांधी गई और उपरांत इसके उन्होंने राज माधव राय मंदिर में जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद भव्य शोभायात्रा शुरू हुई जो शहर भर का चक्कर काटती हुई पड्डल मैदान में जाकर संपन्न हुई। इस शोभायात्रा में जिला भर से आए दर्जनों देवी-देवताओं ने भाग लिया।
वहीं, देवी-देवताओं के साथ आए देवलु पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर जमकर झूमे और महोत्सव का पूरा आनंद उठाया। स्थानीय और बाहर से आए लोगों में भी शोभायात्रा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सभी को महोत्सव की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद से आज मंडी जिला को पूरे प्रदेश में सबसे बड़ा मान-सम्मान मिला है। उन्होंने देवी-देवताओं से यह मान-सम्मान बरकरार रखने की प्रार्थना भी की।
महेंद्र सिंह ठाकुर (Mahendra Singh Thakur) ने कहा कि मौजूदा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में विकास के अथाह काम हुए हैं। सीएम जयराम ठाकुर दिन रात प्रदेश के विकास में लगे हैं और प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार से बड़ी-बड़ी योजनाओं को स्वीकृति दिलाई है, जिससे प्रदेश के विकास को नए पंख लग रहे हैं।
- Advertisement -