-
Advertisement
आजाद देश की राजनीति केवल कुर्सी के लिए, राम के आदर्श पर चलना होगा
Himachal Politics:पालमपुर। बीजेपी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार (Senior leader Shanta Kumar)वर्तमान राजनीति पर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि जब देश गुलाम था तो राजनीति देश के लिए थी, लेकिन आजाद देश की राजनीति केवल कुर्सी के लिए रह गई है। उन्हें इससे ज्यादा दुख इस बात का है कि उनकी पार्टी भी इस हवा में चल पड़ी है। मेरी पार्टी को नहीं चलना चाहिए था। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आज सिद्धांतों की राजनीति नहीं रह गई। राम मंदिर( Ram Mandir) बनाने से कुछ नहीं होगा। हमें राम के आदर्श पर चलना होगा। सिद्धांत की राजनीति अपनानी होगी।
पीछे मुड़कर देखता हूं तो पीड़ा होती है
वर्तमान राजनीतिक हालात से आहत बीजेपी ( BJP) के वरिष्ठ नेता ने केवल इतना ही कहा- कुछ नहीं कहूंगा। कुछ कहूंगा तो आंखों से आंसू निकल आएंगे। शांता कुमार ने कहा कि 1951-52 से हमने सिद्धांत की राजनीति की। 70 साल बीजेपी में लगा दिए। जेल भी गया। आज 90 साल की आयु हो गई है, जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो पीड़ा होती है। जब हमने काम किया तो उस दौरान तीन चीजें हमारे पास थी। समर्पित कार्यकर्ता, देशभक्ति के विचार और मूल्य आधारित राजनीति। इन तीन वजह से ही हमारी छोटी सी पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हमारी पार्टी यहां तक सिद्धांतों के कारण पहुंची है। इन सिद्धांतों को हमें नहीं छोड़ना चाहिए।
