-
Advertisement
सुशांत मामले पर बोले शांता- अगर Kangana का इशारा ठीक, तो स्वामी दिलाएंगे Actor को न्याय
शिमला। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) को सुसाइड किए हुए लगभग 2 महीने का वक्त बीतने को है, लेकिन अभी तक यह मामला शांत होता नहीं नजर आ रहा है। इस पूरे मामले पर शुरुआत से अलग एंगल पेश कर रहीं हिमाचल बेस्ड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को अब हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और मौजूदा बीजेपी सांसद शांता कुमार (Shanta Kumar) का भी साथ मिल गया है। शांता कुमार का इस मामले पर कहना है कि अगर कंगना का इशारा ठीक है कि सुशांत सिंह किसी साजिश के शिकार हुए हैं तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार के लिए बहुत बड़ी चुनौती है। इस संबंध में पूरी जांच से दोषियों को पकड़ा जाना चाहिए
कंगना के शब्दों से आत्मविश्वास बोलता है और वह बहादुर है
शांता कुमार ने इस बारे में प्रसन्नता व्यक्त की है कि प्रसिद्ध नेता व वकील सुब्रमण्यम स्वामी (Subramanyam Swami) सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में सहायता कर रहे हैं। शांता कुमार ने इस बारे में बताया कि स्वामी उनके पुराने मित्र हैं और उनकी शुक्रवार को फोन पर स्वामी से बात हुई है। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि इस मामले में वह पूरी सहायता करेंगे और सच को सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि सिनेमा जगत से उनका ना अधिक लगाव है ना परिचय है परंतु देश की इस होनहार युवा प्रतिभा की आत्महत्या ने उन्हें भी हिला दिया है। शांता कुमार ने कांगना की तारीफ करते हुए कहा कि उसके शब्दों से आत्मविश्वास बोलता है और वह बहादुर है। पहली बार उससे सुना कि मूवी माफिया भी है। हिमाचल के गांव से उठ कर ऊंचाई पर पहुंची इस बेटी पर गर्व है।
यह भी पढ़ें: सुशांत की फिल्म देखकर 7वीं की छात्रा ने किया Suicide; नोट में लिखा- उनका जाना मुझे पसंद नहीं
पुलिस ने मुंबई बुलाया तो कंगना ने कहा मनाली आ जाइए
वहीं दूसरी तरफ इस मामले की जांच में जुटी पुलिस अब कंगना रनौत से जल्द ही पूछताछ करेगी। इससे पहले 3 जुलाई को बांद्रा पुलिस समन की एक कॉपी लेकर कंगना रनौत के खार जिमखाना स्थित घर पर पहुंची थी। अब कंगना ने एक बयान जारी करते हुए बताया है कि वह मनाली स्थित अपने घर पर मौजूद हैं और वर्तमान कोरोना हालातों के चलते बांद्रा पुलिस स्टेशन आकर बयान नहीं दे सकतीं। कंगना रनौत के लॉयर एडवोकेट इश्करन भंडारी ने बांद्रा पुलिस द्वारा जारी किए गए एक नोटिस का जवाब दिया है। कंगना ने अपने लॉयर के जरिए कहा है कि वह 17 मार्च से ही मनाली वाले अपने घर में मौजूद हैं। पुलिस ने कंगना से अपील की है कि वह 27 से 31 जुलाई के बीच बांद्रा पुलिस स्टेशन आएं। कंगना के लॉयर द्वारा भेजे गए बयान में कहा गया है कि अगर संभव हो सके तो किसी अधिकारी को मनाली भेजा जा सकता है जो वहां आकर उनका बयान दर्ज कर ले या जो पूछताछ करनी हो वो कर ले।
