-
Advertisement
#Sirmaur विनीता मर्डर केसः Fast Track Court में चले मामला, लोगों ने उठाई मांग
नाहन। सामाजिक कार्यकर्ता एवं चाइल्ड लाइन (Child line) सिरमौर की पूर्व काउंसलर रही विनीता ठाकुर की मौत मामले में लोगों का रोष बढ़ता जा रहा है। जिले के लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट (Fast Track Court) में करवाए जाने की मांग की है, ताकि मृतक के परिजनों को जल्द न्याय मिल सके। सोमवार को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति और अन्य सामाजिक संगठनों ने इस मामले में डीसी सिरमौर (DC Sirmaur) के माध्यम से प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर को एक ज्ञापन भेजा है।
यह भी पढ़ें: #Sirmaur: पेट्रोल छिड़क कर जलाई युवती की PGI में मौत, #Police कर्मी पर हत्या का केस दर्ज
संगठन ने इस मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अखिल भारतीय महिला जनवादी समिति की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संतोष कपूर के नेतृत्व में दलित शोषण मुक्ति मंच, एसएफआई, वाल्मीकि कल्याण सभा, पीएपीएन सहित अन्य संगठनों ने जिला मुख्यालय नाहन में रोष व्यक्त किया। इसके बाद उक्त सभी ने डीसी के माध्यम से सीएम (CM) को एक ज्ञापन भेजा। संतोष कपूर ने कहा कि बीती 11 नवंबर को पुलिसकर्मी सूर्यकांत ने विनीता ठाकुर पर पेट्रोल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया था। आग लगने के बाद जब वह अधमरी हो गई तो पुलिसकर्मी ने आग बुझाने का नाटक करके उसे अस्पताल छोड़ दिया, ताकि कानूनी जांच को प्रभावित किया जा सके।
कपूर ने कहा कि पुलिस विभाग भी तथ्य छुपाता रहा कि जली हुई हालत में विनीता को कहां से बरामद किया गया। आरोपी सूर्यकांत से ना ही गहन पूछताछ की गई और ना ही तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज की गई। कपूर ने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि जल्द से जल्द न्याय मिल सके। पुलिसकर्मी को तुरंत प्रभाव से निष्कासित किया जाए और कठोर सजा दी जाए। इसके अलावा विनीता के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

