-
Advertisement
मौसम ने बदली करवट, राजधानी समेत ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी- बढ़ी ठंड
Last Updated on February 1, 2020 by Deepak
शिमला। प्रदेश में मौसम साफ रहने के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को राजधानी शिमला, किन्नौर, रोहतांग, चंबा के जोत समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी (Snowfall) हुई है। इससे राज्य में शीतलहर का प्रकोप जारी है। शनिवार को राजधानी समेत कई इलाकों में सुबह अच्छी धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम के तेवर बदले और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। बर्फबारी (Snowfall) का यह क्रम शाम को भी शुरू हुआ। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं मिल रही है। वहीं, प्रदेश में अभी भी 3 नेशनल हाईवे समेत करीब 162 सड़कें अब भी अवरुद्ध हैं। अकेले शिमला जिला में 111 सड़कें बंद हैं। ताजा हिमपात से सड़कें बहाली में जुटे लोक निर्माण विभाग (PWD) की कोशिशों को झटका लगा है।
यह भी पढ़ें: जयराम सरकार ने सचिवालय सेवा के पांच अधिकारियों को दिया पदोन्नति का तोहफा
राजधानी शिमला में सुबह धूप खिलने के बाद लगा कि ठंड से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन यह भ्रम दोपहर बाद टूट गया और आसमान में बादल छाने से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। दोपहर बाद हलकी बर्फबारी हुई, लेकिन फिर यह थम गया। इसके बाद शाम को फिर बर्फबारी हुई और यह देर शाम तक जारी रहा। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बर्फबारी के चलते ढली से आगे यातायात बाधित हो गया है।
वहीं, शिमला-मंडी मार्ग भी टुटू से आगे बंद हो गया है। राजधानी शिमला में शाम के वक्त हुई बर्फबारी का सैलानियों ने लुत्फ उठाया। सैलानी बर्फबारी के बीच नाच गाते और सेल्फियां लेते नजर आए। शिमला के निकटवर्ती पर्यटक स्थलों कुफरी, मशोबरा, फागु व नारकंडा में भी ताजा हिमपात हुआ है। कुफरी में शाम तक 5 सेंटीमीटर बर्फ गिर चुकी थी और बर्फ गिरने का क्रम जारी था। राज्य में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से शिमला जिले में हालात अभी सामान्य नहीं हुए थे कि शनिवार को फिर हिमपात होने से लोगों को परेशानी होने लगी।
जनवरी के आखिरी हफ्ते में हुए भारी हिमपात से ऊपरी शिमला का संपर्क तीन दिन तक राजधानी से कटा रहा। शुक्रवार को ही ऊपरी शिमला का राज्य मुख्यालय से संपर्क बहाल हुआ था, लेकिन ताजा हिमपात ने लोगों की मुश्किलें फिर बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा। राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में 4 फरवरी को बर्फबारी के आसार हैं। 6 व 7 फरवरी को शिमला सहित मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय इलाकों में फिर बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में 7 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है।