-
Advertisement

कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन बबलू ने छोड़ी कांग्रेस, अब आजाद लड़ेंगे
ऊना। जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट के प्रबल दावेदार रहे और कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष युवा नेता सुदर्शन सिंह बबलू ने कांग्रेस पार्टी के सभी दायित्वों के साथ-साथ प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व में मंत्री रहे कुलदीप कुमार पर फिर से कांग्रेस नेतृत्व द्वारा भरोसा जताए जाने के बाद न केवल सुदर्शन सिंह बबलू बल्कि उनके दर्जनों समर्थकों ने कांग्रेस पार्टी की प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर की जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर लिया है। इतना ही नहीं अब सुदर्शन सिंह बबलू चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से बतौर आजाद प्रत्याशी भी विधानसभा चुनाव में उतरने वाले हैं। सोमवार शाम जिला मुख्यालय पहुंचे सुदर्शन सिंह बबलू ने कांग्रेस पार्टी द्वारा टिकट आवंटन को लेकर करवाए गए इस सर्वे को केवल मात्र मूर्ख बनाने का एक जरिया बताया।
यह भी पढ़ें- कृपाल परमार ने बीजेपी की सूची जारी होने से पहले लिया नॉमिनेशन फॉर्म, सियासी गलियारों में मची हलचल
सोमवार शाम मीडिया से बातचीत के दौरान सुदर्शन बबलू ने कांग्रेस पार्टी पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप जड़ डाले। सुदर्शन बबलू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में टिकट आवंटन पहले से ही तय कर लिया गया था लेकिन टिकट दावेदारों को मूर्ख बनाने और उनका आईवॉश करने के लिए सर्वेक्षणों का खेल रचा गया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे किसी भी टिकट आवेदक को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के टिकट बांटे जा रहे हैं उससे लगभग एक बात तय हो चुकी है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बिल्कुल भी नहीं आने वाली है। सुदर्शन बबलू ने दावा किया कि दिल्ली से ऊना लौटते वक्त करीब 2000 कार्यकर्ताओं ने दूरभाष के जरिए उन पर अगला विधानसभा चुनाव आजाद प्रत्याशी के तौर पर लड़ने का दबाव बनाया है और वह अपने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से निश्चित रूप से चुनाव मैदान में उतरेंगे।