-
Advertisement
Sukhu Govt | Winter Session | BJP Politics |
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ने वाली है। धर्मशाला के तपोवन में 26 नवंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले बीजेपी विधायक दल की बैठक बुधवार को शिमला में होगी। इस बैठक में सत्र के लिए व्यापक रणनीति तय की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे, जबकि पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में वर्तमान कांग्रेस सरकार के कामकाज की विस्तृत समीक्षा होगी और सत्र के दौरान विपक्ष को किस मुद्दे पर कितना आक्रामक रुख अपनाना है, इस पर विचार-विमर्श होगा।धर्मशाला के तपोवन में होने वाला शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक प्रस्तावित है। सरकार की ओर से इस बार 8 बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। विपक्ष का प्रयास रहेगा कि हर दिन सरकार को घेरने के लिए ठोस मुद्दे और तथ्य पेश किए जाएं। पार्टी नेतृत्व ने सभी विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे, ताकि सत्र को लेकर पार्टी की एकजुटता और तैयारी दोनों मजबूत दिखाई दें।
Tags
