-
Advertisement
सन फार्मा ने 35 रुपए प्रति टैबलेट की कीमत पर लॉन्च की Covid-19 की दवा फेविपिराविर
नई दिल्ली। देश भर में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच एक राहत देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, भारत में कोविड-19 (Covid-19) संक्रमण के मामूली/औसत (माइल्ड/मॉडरेट) मामलों के इलाज के लिए मुंबई आधारित सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज़ ने 35 रुपए/टैबलेट की दर पर ऐंटी-वायरल दवा ‘फेविपिराविर’ (Favipiravir) (200 एमजी) लॉन्च की है। कंपनी इस दवा को ‘FluGuard’ नाम से बेचेगी। फेविपिराविर को मूलत: जापान के फ्यूजीफिल्म होल्डिंग्स कॉर्पोरेशन द्वारा ‘एविगन’ नाम से इन्फ्लुएंजा के इलाज के लिए विकसित किया गया था।
अधिक मरीजों तक पहुंचाने के लिए एक किफायती कीमत पर पेश की दवा

फेविपिराविर एकमात्र ओरल एंटी-वायरल उपचार है, जिसे भारत में हल्के से मध्यम कोविड-19 रोग के संभावित उपचार हेतु मंजूरी दी गई है। सन फार्मा इंडिया के बिजनेस सीईओ कीर्ति गनोरकर ने कहा, ‘हम फ्लूगार्ड को अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाने के लिए एक किफायती कीमत पर पेश कर रहे हैं, ताकि उनके आर्थिक बोझ में कमी आए।’ उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक कोविड-19 के मामले सामने आ रहे हैं और ऐसे में स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को उपचार के अधिक विकल्पों की पेशकश करने की तत्काल आवश्यकता है। इस दवा की पेशकश के साथ ही कंपनी ने 2019-20 की अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि वह अपने क्षेत्र में बाजार के मुकाबले अधिक तेजी से वृद्धि करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
यह भी पढ़ें: Immune System होगा स्ट्रांग अगर फॉलो करेंगे ये टिप्स
बतौर रिपोर्ट्स, ‘इसके लिए वह आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, संयंत्रों के अधिकतम उपयोग और विक्रेताओं के साथ मिलकर काम करने पर जोर दे रही है, ताकि आपूर्ति लगातार जारी रहे। कंपनी के प्रबंध निदेशक दिलीप शांघवी ने कहा कि सन फार्मा आने वाले वर्षों में शोध और विकास (आरएंडडी) में निवेश जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि वैश्विक जेनरिक उद्योग में कंपनी की मजबूत स्थिति और भविष्य के लिए निरंतर निवेश से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस क्षेत्र में उनकी अग्रणी स्थिति बनी रही।’

