-
Advertisement
हिमाचल में टोमैटो फ्लू ने दी दस्तक, सोलन में सामने आए दो मामले; किए आइसोलेट
सोलन। हिमाचल के सोलन (Solan) जिला से डराने वाली खबर सामने आई है। सोलन में टोमैटो फ्लू (Tomato Flu) के दो संदिग्ध मरीजों का पता चला है। प्रदेश में टोमैटो फ्लू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग (Health Department) सहित जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मरीजों को आइसोलेट कर दिया है और उनके सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे की लैब में भेज दिया है। सैंपल (Sample) की रिपोर्ट आने तक दोनों मरीजों को आइसोलेट ही रखा जाएगा। मामले की पुष्टि करते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन ने बताया कि दोनों मरीजों के सैंपल पुणे भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक दोनों को आइसोलेट (Isolate) किया गया है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में टोमैटों फ्लू संक्रमण (Tomato Flu Infection) के यह पहले मामले हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इस फ्लू को लेकर पहले ही अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है।
यह भी पढ़ें:शख्स को एक साथ हुआ कोरोना, मंकीपॉक्स और HIV, चल रहा इलाज
उन्होंने बताया कि टोमैटो फ्लू के प्राथमिक लक्षण बच्चों में ज्यादा देखे जा रहे हैं। इस फ्लू के प्राथमिक लक्ष्ण वायरल संक्रमणों के ही समान हैं। इनमें बुखार,चकते पड़ना और जोड़ों में दर्द शामिल है। इस रोग में थकान, मितली, उल्टी, दस्त, बुखार, निर्जलीकरण, जोड़ों की सूजन, शरीर में दर्द और आम इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। बुखार शुरू होने के एक या दो दिनों के बाद छोटे लाल धब्बे दिखाई देते हैं, जो छाले और फिर अल्सर में बदल जाते हैं। शरीर के कई भागों में टमाटर की तरह छाले पड़ जाते हैं।

बच्चों में ज्यादा फैल रहा यह फ्लू
टोमैटो फ्लू ज्यादातर बच्चों में अधिक फैल रहा है। यह बीमारी मुख्य रूप से 10 साल से कम उम्र के बच्चों में होती है। हालांकि यह बड़े लोगों को भी हो सकती है। बाहरी राज्यों में इस बीमारी के काफी मामले सामने आ चुके हैं। अब इस बीमारी ने हिमाचल में भी दस्तक दे दी है। लोगों को स्वयं इसको लेकर जागरूक रहना होगा। इस रोग से संबंधित अगर किसी को कोई भी लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


