-
Advertisement

इंतजार खत्म : इस महीने होगी शिक्षकों के बंपर पदों पर भर्ती, माह अंत तक मिलेंगे नियुक्ति पत्र
HImachal Teacher Recruitment : शिमला। चुनावी नतीजों के सामने आते ही आचार संहिता हट चुकी है और हिमाचल प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। ऐसे में प्रदेश के बेरोजगारों को यह खबर राहत दे सकती है। दरअसल, हिमाचल में जल्द ही शिक्षकों की बंपर पदों पर भर्ती होने वाली है। इस माह में ही इन पदों पर भर्तियां होने वाली हैं और नियुक्ति पत्र भी इसी माह चयनित उम्मीदवारों को दे दिए जाएंगे।
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस माह 2,123 शिक्षकों की भर्ती होगी। जेबीटी के 1,100 और टीजीटी के 1,023 शिक्षकों की बैचवाइज आधार पर भर्तियां होनी हैं। यह भी कहा जा रहा है कि इसी महीने के अंत तक चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अधिकारियों को बैठक के दौरान इस मामले में तेजी से काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
गौर हो कि, लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के चलते आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने से टीजीटी, जेबीटी, कंप्यूटर शिक्षकों की भर्तियां लटक गई थीं। चुनावों की घोषणा से पहले शिक्षा विभाग ने 1023 टीजीटी का बैचवाइज भर्ती के माध्यम से चयन कर लिया था। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के चलते इन शिक्षकों को नियुक्तियां नहीं दी जा सकी थीं। शिक्षा मंत्री ने नियुक्तियों से संबंधित सभी औपचारिकताओं को इस माह पूरा करने को कहा है। इसके अलावा करीब 1100 पदों पर जेबीटी की बैचवाइज भर्ती भी पूरी कर ली जाएगी।
बता दें, शिक्षा विभाग ने जेबीटी शिक्षकों के बैचवाइज 1,161 पद भरने के लिए हाईकोर्ट से मंजूरी मांगी थी। जिसके बाद कोर्ट ने कुछ भर्तियों के परिणाम नहीं निकालने के आदेश दिए थे, करीब 1,100 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने को हरी झंडी दी है। इसके अलावा सरकार ने बीते दिनों कंप्यूटर साइंस प्रवक्ताओं के 985 पद भरने की भी घोषणा की है। लोकसेवा आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती से इन पदों को भरा जाना है। पूर्व में आउटसोर्स पर नियुक्त कंप्यूटर शिक्षकों को इस भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। इन नियुक्तियाें को लेकर भी शिक्षा विभाग की ओर से जल्द फैसला ले लिया जाएगा।