-
Advertisement
पैरोल के नाम पर फरार चल रहा 50 से अधिक धमाकों का आरोपी ‘डॉक्टर बम’ पकड़ाया
Last Updated on January 17, 2020 by
नई दिल्ली। मुंबई से लापता हुआ आतंकी डॉ जलीस अंसारी (Jalees Ansari) उर्फ ‘डॉक्टर बम’ को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने आतंकी अंसारी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वह देश से भागने की फिराक में था। गिरफ्तार करने के बाद अब उसे लखनऊ लाया जा रहा है। जलीस मूलरूप से संतकबीर नगर का रहने वाला है। अंसारी आतंकियों को बम बनाने की ट्रेनिंग देता था, इसी के चलते वह ‘डॉक्टर बम’ (Doctor bomb) के नाम से कुख्यात है। वह 50 से अधिक सिलसिलेवार बम धमाकों में आरोपी भी है। वह पिछले महीने अजमेर जेल से पैरोल पर बाहर आया था। उसे 1993 में राजस्थान बम धमाकों के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
यह भी पढ़ें- Renault Duster पर पाएं अब तक की सबसे बड़ी छूट, 1.5 लाख कम हुई कीमत
उसे उच्चतम न्यायालय ने 21 दिन की पैरोल दी थी, उसके खत्म होने से एक दिन पहले ही वह लापता हो गया था। एक अधिकारी ने बताया कि अंसारी यहां के अग्रीपाडा थाने के अंतर्गत मोमिनपुर का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि अंसारी को राजस्थान स्थित अजमेर केंद्रीय कारागार से 21 दिनों के पैरोल पर रिहा किया गया था और शुक्रवार (17 जनवरी) को उसे जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण करना था। पुलिस के मुताबिक, अंसारी के बेटे जैद ने गुरुवार दोपहर पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि पिता सुबह नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। जैद की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। मिली जानकारी के अनुसार वह सिमी और इंडियन मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों से जुड़ा था और उन्हें बम बनाना सिखाता था।