-
Advertisement
Corona in India – 29 हजार के पार पहुंचा मरीजों का आंकड़ा, 24 घंटे में 1543 नए मामले
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 29 हजार के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1543 नए मामले सामने आए हैं और 62 लोगों की मौत हो गई है, जो अब तक सर्वाधिक है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 29,435 हो गई है, जिसमें 21,632 सक्रिय हैं, 6,869 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 934 लोगों की मौत हो चुकी है।
पश्चिम बंगाल में 69 वर्षीय एक डॉक्टर का निधन हो गया। वह कोरोना से संक्रमित थे। पश्चिम बंगाल आर्थोपेडिक एसोसिएशन ने उनके लिए राजकीय सम्मान की मांग की है। ओडिशा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में कोरोना पॉजिटिव के सात नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 118 हो गई है। जिसमें से 37 मरीज ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो चुकी है।
