-
Advertisement
मंडी जिला के सराज में तीन घर और तीन पशुशालाएं जलकर राख, लाखों का नुकसान
सराज। मंडी जिला के सराज (Saraj) में भयंकर आगजनी हुई है। यहां तीन घरों सहित तीन पशुशालाएं (Cowshed) जलकर राख हो गईं हैं। आग लगने से लाखों के नुकसान का अनुमान है। बताया जा रहा है कि आगजनी की घटना के समय परिवार के सदस्य बूढ़ी दिवाली मनाने घर से बाहर गए थे। इसी दौरान पीछे से घरों में आग लग गई। यह आग बुधवार आधी रात करीब तीन बजे सराज की दूरदराज पंचायत चिऊणी के बूराहड़ा गांव में लगी। आग इतनी भयंकर थी कि उसने कुछ ही क्षणों में तीन घरों और तीन पशुशालाओं को अपनी चपेट में ले लिया और जलकर राख कर दिया।
यह भी पढ़ें:मकान और स्पेयर पार्ट की दुकान में लगी भयंकर आग लाखों के नुकसान का अनुमान
मिली जानकारी के अनुसार चिऊणी पंचायत के प्रधान इंद्र सिंह ने बतया कि घटना देर रात की है जब इन घरों से घर के कुछ सदस्य बूढ़ी दिवाली (Budhi Diwali) मनाने पहाड़ी से दूसरी ओर गए थे। जबकि कुछ सदस्य घर में सोये हुए थे। दूसरे गांव घ्यार के टिक्कम राम शौच जाने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे तो उन्होंने आग की लपटों को देखा और ग्रामीण निक्के राम को आग लगने की सूचना दी। आग लगने की सूचना पूरे इलाके में फैल गई।

जिसके बाद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया। घर में रखे अनाज, बर्तन, कपड़ा, नकदी समेत सबकुछ जलकर खाक हो गया है। लोगों ने आपसी सहयोग से दोनों पशुशाला से पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं मौके पर पहुंचे पटवारी भगत राम ने बताया कि तीन घर राधा लाल पुत्र वक्शी राम, भोप सिंह पुत्र राधा लाल व पुष्प चंद पुत्र राधा लाल तथा झाबे राम व हुक्म चंद की पशुशाला जलकर राख हो गई। दूसरी पशुशाला निक्के राम देवी सिंह, डूमणी राम, खेम सिंह, भवानी कुमार, इंद्र सिंह व गंभीर सिंह की साझी थी। पीड़ित परिवारों को प्रशासन की तरफ से जल्द ही फौरी राहत प्रदान की जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

