-
Advertisement
चंबा में दर्दनाक हादसा: सच पास जा रही पर्यटकों की कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, 8 लोगों की मौ#त
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चुराह उपमंडल के दुर्गम बैरागढ़-सच दर्रा-किलाड़ मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, लेकिन इलाका बेहद दुर्गम होने के कारण इसकी जानकारी शनिवार दोपहर को मिल सकी।
शनिवार दोपहर को चला हादसे का पता
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंगलूरू और कोलकाता से पहाड़ों की सैर करने आए दो परिवारों ने पर्यटन नगरी डलहौजी से एक टैक्सी (मारुति अर्टिका) बुक की थी। दोनों परिवार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बैरागढ़ से बर्फ से ढके और बेहद कठिन रास्तों वाले ‘सच दर्रे’ (Sach Pass) के लिए रवाना हुए थे।
जब निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी टैक्सी डलहौजी नहीं लौटी, तो वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत गाड़ी का जीपीएस (GPS) ट्रैक किया। जीपीएस लोकेशन में कार कालावन क्षेत्र के पास एक ही जगह पर स्थिर दिखाई दे रही थी। इसके बाद जब स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई, तो खाई में गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने का पता चला।
खराब मौसम और दुर्गम इलाके के कारण रेस्क्यू में बाधा
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि, खड़ी ढलान, बेहद खराब मौसम और क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क (सिग्नल) न होने के कारण शवों को निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकने के बाद, अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह से दोबारा बचाव अभियान शुरू कर शवों को निकाला जा रहा है।
हादसे का शिकार हुए लोग
वाहन में चालक समेत कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार है:
टैक्सी चालक: विश्वास (निवासी: बनीखेत, हिमाचल प्रदेश)
पहला परिवार (बंगलूरू): अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची, और उनके दो मासूम बेटे दर्श (8 वर्ष) व अक्षाद (11 वर्ष)।
दूसरा परिवार (कर्नाटक): पीजी कार्तिकेयन (निवासी: व्हाइट फील्ड), उनकी पत्नी मणिमाला और उनका बेटा नंदन।
रविंद्र चौधरी

