-
Advertisement
Himachal Accident | Tourist | Bairagarh Sach Pass |
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बड़ा हादसा हुआ है। एक कार के 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। घटना चुराह उपमंडल के बैरागढ़-सच दर्रा-किलर सड़क पर हुई। यह दुर्घटना तब हुई जब कार हिमाचल के सबसे कठिन रास्तों में से एक, बर्फ से ढके सच दर्रे की ओर जा रही थी। बचाव अभियान जारी है, लेकिन खड़ी ढलान और खराब मौसम के कारण शवों को निकाला नहीं जा सका है। इलाका दुर्गम है और वहां फोन का सिग्नल नहीं है। इससे पहले पता चला था कि कोलकाता और बेंगलुरु से पहाड़ों की सैर करने आए दो बच्चों समेत आठ पर्यटक और टैक्सी चालक लापता हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बेंगलुरु से आए एक परिवार ने पर्यटन नगरी डलहौजी में एक टैक्सी वाहन बुक करवाई थी। परिवार ने डलहौजी में मौजूद दूसरे पर्यटक परिवार के साथ टैक्सी साझा करते हुए सच जोत क्षेत्र में बर्फ और पहाड़ों का आनंद लेने की योजना बनाई। वाहन में दो बच्चों समेत आठ पर्यटक और चालक सवार थे। निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब टैक्सी डलहौजी नहीं लौटी तो वाहन मालिक को किसी अनहोनी की आशंका हुई। चिंतित टैक्सी मालिक ने वाहन की जीपीएस लोकेशन खंगाली। जीपीएस के अनुसार वाहन कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दे रहा था और उसमें किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर खोजबीन की गई, जिसमें वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका सामने आई।

