-
Advertisement
Una: दहेज प्रताड़ना की शिकार हुई दो महिलाएं, डॉ. पति ने डॉक्टर पत्नी से की मारपीट
Last Updated on November 24, 2020 by Vishal Rana
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में दो दहेज प्रताड़ना (Dowry Harassment) के मामले दर्ज हुए हैं। जिसमें एक महिला डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज करवाई हैं। वहीं, दूसरे मामले में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए परेशान करने और उसे खर्चा ना देने के आरोप जड़े हैं। पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टर पति दहेज ना लाने पर दे रहा जान से मारने की धमकी
पहला मामला जिला मुख्यालय के एक नजदीकी गांव का है। यहां महिला डॉक्टर (Doctor Women) ने अपने डॉक्टर पति पर उसके परिजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप जड़े हैं। महिला के ससुराल पक्ष के लोग सोलन जिला के नालागढ़ निवासी बताए गए हैं। पुलिस को दी शिकायत में महिला डॉक्टर ने बताया कि उसकी शादी करीब 8 वर्ष पूर्व हिंदू रीति रिवाज के तहत नालागढ़ निवासी डॉक्टर नरेंद्र कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद इसके ससुराल के लोग उसे मायके से दहेज और पैसे लाने की मांग करने लगे। जब महिला ने उनकी बात को मानने से इनकार किया तो आरोपी पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ ना सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकियां भी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत (Complaint) के आधार पर उसके आरोपी पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी हेड क्वार्टर रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया बेटी के #Murder का आरोप, जांच हुई तो प्रेमी के साथ मिली
पति शादी के 15 दिन बाद चला गया विदेश, नहीं भेजा खर्चा
इसी तरह से जिला ऊना के एक गांव में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज करवाते हुए विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 4 नवंबर 2018 को पंजाब (Punjab) के नंगल टाउनशिप निवासी रोहित कुमार पुत्र राम लुभाया के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद उसका पति और ससुराल के अन्य लोग दहेज में पैसों के लिए तंग करने लग पड़े। उसने बताया कि शादी के महज 15 दिनों के बाद उसका पति विदेश चला गया। उसके विदेश जाने के बाद ना तो कभी पति ने उसे कोई खर्च दिया और ना ही ससुराल के किसी व्यक्ति ने उसे खर्च के लिए पूछा। ससुरालियों के इस व्यवहार से तंग आकर महिला अपने मायके ऊना जिला आ गई। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में पीड़िता के पति और उसके ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिमाचल की ताजा अपडेट Live देखनें के लिए Subscribe करें आपका अपना हिमाचल अभी अभी YouTube Channel…