-
Advertisement
मुंबई में BR Ambedkar के घर में की गई तोड़फोड़, पोते प्रकाश ने की शांति की अपील
नई दिल्ली। संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर (Dr Bhimrao Ambedkar) के महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई (Mumbai) के दादर स्थित घर- राजगृह में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, डॉक्टर अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर (Prakash Ambedkar) ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रकाश ने कहा कि हमें अभी शांति व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत है। अभी घर में बाबा साहेब के वंशज प्रकाश अंबेडकर और आनंदराज अंबेडकर रहते हैं।
सीएम बोले- सरकार ‘राजगृह’ का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी
प्रकाश अंबेडकर ने कहा, ‘ये सच है कि दो लोग राजगृह आए थे और उन्होंने अन्य सामान के साथ सीसीटीवी तोड़ने का भी प्रयास किया। पुलिस ने इस पर तुरंत संज्ञान लिया। सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच भी कर रहे हैं। उन्होंने अपना काम अच्छे से किया है। तबतक मैं सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं और कृप्या लोग राजगृह के निकट एकत्रित ना हों।’ वहीं सूबे के सीएम उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने इस घटना को ‘चौंकाने वाला’ बताते हुए कहा कि सरकार यहां दादर क्षेत्र में स्थित ‘राजगृह’ का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें: राजीव गांधी फाउंडेशन समेत Gandhi Family से जुड़े तीन ट्रस्टों की जांच के लिए कमेटी गठित; जानें
डिप्टी सीएम ने कहा- की जाएगी कड़ी कार्रवाई
इस मामले में सूबे के डिप्टी सीएम अजित पवार (Ajit Pawar) का भी बयान सामने आया है। पवार ने कहा कि सरकार ने इस घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना की निंदा करते हुए डिप्टी सीएम पवार ने कहा कि ‘यह काम दूषित मानसिकता के असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया है।’ उन्होंने लोगों से कहा कि वे इन असामाजिक तत्वों के लोगों के भड़काने में न आएं और शहर में शांति एवं एकता को बनाए रखें। बतौर रिपोर्ट्स बदमाशों ने घर के गार्डन और बरामदे में तोड़फोड़ की है।
