-
Advertisement
मच्छरों और गंदगी में अब नहीं रहा जाता, घर भिजवा दो सरकार
Last Updated on June 16, 2020 by Sintu Kumar
मंडी।साहब! छोटे-छोटे बच्चों से साथ मच्छरों और गंदगी के बीच अब नहीं रहा जाता.. हमें घर भिजवा दो। यह फरियाद डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर से उत्तर प्रदेश के बहराईच जिला के प्रवासी मजदूरों लगाई है। लॉकडाउन के चलते 55 प्रवासी मजदूर मंडी में फंस गए हैं। यहां कोई काम-धंधा नहीं और ना ही खाने के लिए राशन बचा है। यह सभी प्रवासी मजदूर बल्ह उपमंडल के डडौर में एक पुल के नीचे जैसे-तैसे दिन काट रहे हैं। डीसी मंडी के पास गुहार लेकर आए प्रवासी मजदूर सत्यपाल ने बताया कि पहले उन्हें राशन मिला, लेकिन अब वह भी नहीं मिल रहा है। एक सप्ताह पहले भी यह प्रशासन के पास वापस घर भिजवाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक इन्हें घर नहीं भिजवाया जा सका है। सत्यपाल ने बताया कि गांव के लोग उन्हें काम भी नहीं करने दे रहे। प्रवासी देखकर लोग कोरोना के खौफ से इन्हें गांव से बाहर निकाल देते हैं।
डीसी मंडी के पास गुहार लेकर आई महिला ने बताया कि पुल के नीचे खड्ड किनारे छोटे-छोटे बच्चों के साथ दिन गुजारना दुभर हो गया है। कभी मच्छरों का आतंक सताता है तो कभी गंदगी का। प्रशासन जैसे-तैसे घर भिजवाने की कृपा करें, ताकि वहां सुकुन से रह सकें। वहीं डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि जिला में अभी तक ऐसे 104 लोगों को चिन्हित किया जा चुका है जो वापस अपने घर जाना चाहते हैं। इन लोगों का मामला जिला प्रशासन के ध्यान में है और राज्य सरकार को भी इस संदर्भ में सूचित किया जा चुका है। जल्द ही इन सभी को वापस इनके घर भिजवा दिया जाएगा।