- Advertisement -
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar assembly elections) का बिगुल बज चुका है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद अब प्रदेश में सियासी गठबंधन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने नए मोर्चे का ऐलान करते हुए मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी बिहार चुनाव में ‘बसपा’ (BSP) और ‘जनवादी पार्टी सोशलिस्ट’ के साथ उतरेगी। उपेंद्र ने इस दौरान हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिस रूप में महागठबंधन चल रहा है, इस तरह बिहार को सीएम नीतीश कुमार से मुक्त नहीं कराया जा सकता है।
कुशवाहा ने महागठबंधन पर गलत रास्ते पर जाने का आरोप लगाते हुए एनडीए और महागठबंधन को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राजद अपना नेतृत्व बदले तब जनता भरोसा करेगी। कांग्रेस भी यही चाहती है। इसके चलते हमने बीएसपी (बहुजन समाज पार्टी) के साथ गठबंधन किया है। हम बिहार को नया और बेहतर विकल्प देने जा रहे हैं।
वहीं, दूसरी तरफ बीएसपी प्रमुख मायावती (Mayawati) ने भी नए मोर्चे के गठन पर मुहर लगाते हुए कहा है कि हमने उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और अन्य दलों के साथ गठबंधन में बिहार में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। अगर इस गठबंधन को चुनाव में बिहार के लोगों का आशीर्वाद मिला तो उपेंद्र कुशवाहा सीएम बनेंगे। उन्होंने कहा चुनाव आयोग ने आज कुछ राज्यों में लोकसभा और विधानसभा के उपचुनावों का ऐलान किया है। यूपी और मध्य प्रदेश में सभी सीटों पर विधानसभा उपचुनाव बीएसपी अकेले लड़ेगी। किसी से पार्टी का गठबंधन नहीं होगा।
- Advertisement -