-
Advertisement
विक्रमादित्य बोले- उपचुनावों में जीत से मिली संजीवनी, अब और मेहनत करने की जरूरत
Last Updated on November 3, 2021 by Vishal Rana
मंडी। संसदीय सीट सहित प्रदेश के तीन अन्य विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद उत्साह में आए कांग्रेसी नेता अब आगामी विधानसभा चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत के दावे करने लग गए हैं। आज मंडी में पत्रकारों से मुखातिब हुए कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मंडी जिला की दसों सीटों पर जीत दर्ज करके प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में जीत से कांग्रेस को संजीवनी मिली है और अब ज्यादा संगठित होकर काम करने की जरूरत है, तभी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को दोबारा से सत्ता में लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जीत के बाद प्रतिभा सिंह और वे खुद पूरे संसदीय क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान जहां वे जनता का आभार जताएंगे वहीं जनता की समस्याओं को जानकर उनके समाधान का भी प्रयास करेंगे।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: कांग्रेस की जीत पर विक्रमादित्य का BJP पर तंज, डबल इंजन के नाम से ठग रही थी सरकार
विक्रमादित्य सिंह ने बीजेपी नेताओं से हाथ जोड़कर अपील की कि वे क्षेत्रवाद की राजनीति को छोड़कर क्षेत्र के विकास की तरफ ध्यान दें। यदि मंडी से प्रतिभा सिंह जीती हैं तो इसमें सभी की जीत है क्योंकि वे किसी दल विशेष की सांसद न होकर मंडी संसदीय क्षेत्र के हर निवासी की सांसद हैं। उन्होंने कहा कि मंडी न तो प्रतिभा सिंह की है और न ही किसी नेता या दल विशेष की। यह मंडी यहां के लोगों की है और इस पर उन्हीं का अधिकार है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page