-
Advertisement
विक्रमादित्य बोले- हिमाचल में ऑपरेशन लोटस का चांस नहीं, लोभ-लालच छोड़ें जयराम ठाकुर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भले ही कांग्रेस को 40 सीटों पर जीत मिली हो, लेकिन यहां गाहे-बगाहे ऑपरेशन लोटस की चर्चाएं चलती रही है। बीजेपी लगातार ऑपरेशन लोटस का राग छेड़ कांग्रेस को बैकफुट पर धकेलने की कोशिश में लगी हुई है। इसी बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ऑपरेशन में लोटस पर पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आपदा के वक्त पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को ऑपरेशन लोटस की बात छोड़ सरकार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतना लोभ और लालच अच्छा नहीं होता। जनता ने छह महीने पहले ही बीजेपी को विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है। ऐसे में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को राजनीतिक लालच छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लोटस का कोई चांस ही नहीं है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार मजबूत
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है। सभी विधायक सीएम के साथ खड़े हुए हैं और जनहित में काम कर रहे हैं। ऐसे में यहां ऑपरेशन लोटस की कोई संभावना नहीं है। वहीं, सरकार और संगठन के बीच चल रहे द्वंद के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हर राजनीतिक पार्टी में कोई ना कोई मसले रहते हैं। जल्द ही पार्टी सभी मामलों को सुलझा लेगी। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बैठक कर मसले सुलझा लेंगे। इसमें कोई चिंता का की बात नहीं है। विक्रमादित्य सिंह ने भी चुनाव के दौरान पार्टी के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की पैरवी की है.।
यह भी पढ़े:विक्रमादित्य का अफसरशाही को कड़ा संदेशः लक्ष्मण रेखा लांघने की कोशिश ना करें
I.N.D.I.A. को बदनाम करने की कोशिश
पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ एकत्रित हो रहे विपक्ष को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष एकजुट है कांग्रेस सभी पार्टियों को एक साथ लेकर चल रही है। हाल ही में मलिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अभी विपक्ष की ओर से कोई प्रधानमंत्री का उम्मीदवार नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नाम I.N.D.I.A. को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। बीजेपी नेता तथ्यहीन बयानबाजी कर I.N.D.I.A. को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी को स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और मेक इन इंडिया पर भी जवाब देना चाहिए।
