-
Advertisement
पांवटा साहिब के बाढ़ प्रभावितों से मिले विक्रमादित्य, दर्द बांटा, साथ देने का दिया भरोसा
नाहन। हिमाचल के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने मंगलवार को यहां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करने के बाद पांवटा साहिब के राजबन, नारीवाला, मालगी, सिरमौरी ताल तथा कच्चीढांग में भारी बरसात और बादल फटने (Cloud Burst) से हुए नुकसान के प्रभावितों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने पीड़ित परिवारों से कहा कि आपदा की इस घड़ी में हिमाचल सरकार उनके साथ खड़ी है।

मालगी में सड़क की मरम्मत का दिया भरोसा
विक्रमादित्य सिंह ने पांवटा स्थित विश्राम गृह में आपदा से पीड़ित परिवारों (Flood Affected Families) से भेंट की और जन समस्यायें भी सुनीं। उन्होंने सिरमौरी ताल (Sirmouri Tal) में बादल फटने और मकान ढहने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की अकस्मात मृत्यु पर शोक प्रकट किया। उन्होंने नारीवाला में विनोद व उनके बड़े भाई कमल से भेंट कर इस त्रासदीपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। विक्रमादित्य ने बादल फटने वाले स्थल मालगी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मालगी की एकमात्र सड़क को शीघ्र ठीक करने का भरोसा स्थानीय लोगों को दिया।

राहत शिविर भी पहुंचे
लोक निर्माण मंत्री ने राजबन सीमेंट फैक्टरी परिसर में सिरमौरी ताल के प्रभावित परिवारों के लिए स्थापित राहत शिविर में जाकर पीड़ितों से भी भेंट की। जिला प्रशासन द्वारा यहां पर सिरमौरी ताल क्षेत्र के 17 प्रभावित परिवारों के करीब लगभग 220 लोगों को आवास और भोजन व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है।
