-
Advertisement

बागबान ने नाले में बहा दिए सेबः वीडियो हुआ वायरल , जयराम ने सरकार पर साधा निशाना
शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश के चलते सड़कें बंद पड़ी है। कई स्थानों पर सड़कें व गांवों की और जाने वाले रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं, लोग जान जोखिम में डाल कर खड्ड व नाला पार कर रहे हैं। इन दिनों ऊपरी हिमाचल में सेब का सीजन चला हुआ है। ऐसे में सेब को पहले सड़क और फिर मंडियों तक पहुंचाना आसान नहीं है।
कुछ बागवान तो सेब मंडियों तक जैसे-तैसे सेब पहुंचा रहे हैं लेकिन कुछ जगहों पर सड़क टूटी होने के कारण फसल बर्बाद हो रही है और बागवानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। आलम यह है कि कुछ बागवानों को सेब की फसल को नाले में बहानी पड़ रही है। दरअसल ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें बागवान सेब की फसल को नाले में बहाता नजर आ रहा है। यह वायरल वीडियो रोहड़ू का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह बागबान पिकअप में लदी सेब की फसल को नाले में बहा रहा है।बारिश के चलते लगातार भूस्खलन हो रहा है और सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई है।
उधर वीडियो वायरल होने के बार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट किया है कांग्रेस सरकार की लेटलतीफी और तानाशाही रवैये के कारण हमारे बागवानों को अपनी फसल नाले में बहानी पड़ रही है। भारी बारिश आज से पहले भी हुई, नुकसान पहले भी खूब हुआ लेकिन किसानों-बागवानों की सहूलियत हेतु राहत कार्य युद्धस्तर पर किए गए।यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस सरकार राहत कार्य में ढील बरत रही है और इसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो एक बानगी है, हालांकि इसकी कितनी सच्चाई है यह जांच का विषय है। लेकिन कांग्रेस सरकार की नाकामी की झलक इसमें साफ नजर आ रही है।