-
Advertisement
बर्फबारी के बाद खिली धूप का उठाया लुत्फ, जाने आगे के मौसम के हाल
Last Updated on January 14, 2020 by Deepak
शिमला। प्रदेश में बर्फबारी से परेशान हो चुके लोगों ने मंगलवार का राहत की सांस ली। प्रदेश में मंगलवार को मौसम साफ रहा। इस दौरान राजधानी शिमला सहित अन्य स्थानों पर धूप भी खिली रही। हालांकि दोपहर बाद आसमान पर बादल छाए रहे और कभी धूप तो कभी छांव का दौर चलता रहा। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में आगामी 20 जनवरी तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होगा और मैदानों में बारिश होगी, हालांकि भारी बर्फबारी की चेतावनी नहीं हैं, लेकिन कुछेक क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना हैं।
यह भी पढ़ें: Jai Ram की अठखेलियां, तत्तापानी पर्यटन उत्सव से Video-तस्वीरों में हुई हैं कैद
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में 15 से 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 19 और 20 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। वहीं मध्यम ऊंचाई एवं अधिकतम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आगामी 20 जनवरी तक लगातार मौसम साफ रहेगा। दूसरी तरफ हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद अभी भी 388 सड़कें बंद पड़ी हैं, जिसमें दो राष्ट्रीय उच्च मार्ग भी शामिल हैं। प्रदेश के पांच स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में हैं। कल्पा माइनस 1.2, केलांग माइनस 5, मनाली माइनस 1.6, डलहौजी माइनस 0.2 और कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंबा की पांगी घाटी में शून्य से 10 डिग्री नीचे गया तापमान
चंबा। जिला के पांगी घाटी में भारी हिमपात के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। एक मात्र वाया जम्मू-कश्मीर रास्ता बंद होने के कारण घाटी का संपर्क पूरे प्रदेश के साथ कट गया है। घाटी में शून्य से 10 डिग्री तक तापमान माइन्स चल रहा है। घाटी मुख्यालय किलाड़ में फंसे हुए लोग जान हथेली पर रख कर अपने घरों का रुख कर रहे हैं। वहीं थम नाला में पिकअप गाड़ी के ग्लेशियर में फंसने के कारण वाया जम्मू कश्मीर का रास्ता बन्द होने के कारण समस्त घाटी में सब्जियों चिकन समेत जरूरी चीजें नहीं मिल रही हैं। क्षेत्रीय अस्पताल किलाड़ में एक बच्चे सहित पांच मरीज फंसे हुए हैं। एसडीएम पांगी विश्रुत भारती ने घाटी के सभी लोगों को घरों से बाहर मौसम खुलने के बाद ही निकलने की सलाह दी है। पांगी प्रशासन किश्तवाड़ प्रशासन सीमा सड़क संगठन कैंप गुलाबगढ़ किलाड़ से संपर्क बनाए हुए हैं। मौसम खुलते ही घाटी की सभी व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएंगी।