-
Advertisement
Winter Session: हिमाचल विस का पहली बार सबसे लंबा सत्र , आठ सिटिंग्स होगी, गूंजेंगे 744 सवाल
Himachal Vidhasabha Winter Session: हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का दसवां शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक धर्मशाला स्थित तपोवन परिसर में आयोजित होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि इस बार का शीतकालीन सत्र अब तक का धर्मशाला में होने वाला सबसे लंबा सत्र होगा। पहली बार आठ सिटिंगें निर्धारित की गई हैं, जबकि इससे पहले अधिकतम सात सिटिंग्स ही हुई थीं। उन्होंने कहा कि पर्यटन के मद्देनज़र सत्र की तिथियों को आगे बढ़ाया गया है। हाल ही में यहीं जोनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया गया था।
ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रश्न प्राप्त हुए
अध्यक्ष पठानिया ने बताया कि दसवें सत्र के लिए कुल 744 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 604 तारांकित,140 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। जिनमें मौखिक और लिखित दोनों प्रकार के प्रश्न शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध हैं, लेकिन इस बार सभी प्रश्न ऑनलाइन ही दाखिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियम 62 के तहत 11 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 4 सूचनाएं, प्राइवेट मेंबर डे 7 मामले, नियम 130 के तहत 16 सूचनाएं और नियम 324 के तहत 1 सूचना प्राप्त हुई है।
28 नवंबर और 4 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्य कार्य
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र का शुभारंभ 26 नवंबर को 11 बजे होगा। पहले ही दिन सदन में पूर्व विधायक स्वर्गीय बाबू राम गौतम के प्रति शोकोदगार प्रस्तुत किए जाएंगे। इस सत्र में कुल 8 बैठकें होंगी, जिनमें 28 नवंबर और 4 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्य कार्य के लिए निर्धारित किया गया है।इसके बाद प्रश्नकाल सहित अन्य विधायी कार्य संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि बुधवार को संविधान दिवस भी मनाया जाएगा।
विधानसभा परिसर में मीडिया मूवमेंट पर रोक
कुलदीप पठानिया ने स्पष्ट किया कि विधानसभा परिसर में चुने हुए प्रतिनिधियों के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति के साथ मीडिया प्रतिनिधि बातचीत नहीं कर पाएंगे। यह व्यवस्था सत्र की गरिमा और कार्यवाही को व्यवस्थित रखने के लिए लागू की गई है।
पर्यटन को बढ़ावा : विधानसभा का परिसर खोला गया
इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर की भूमि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी देते हुए अध्यक्ष ने बताया कि विधानसभा भवन को पर्यटन गतिविधियों के लिए भी खोला गया है। यहां आगंतुकों, विशेषकर छात्रों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जा रही है।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
