-
Advertisement
बिपरजॉय का असर: हिमाचल में कल बारिश का यलो अलर्ट
शिमला। गुजरात तट पर कहर बरपाने वाले चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Biperjoy) का असर सोमवार से हिमाचल (Himachal Weather) में भी दिखना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग (Met Shimla) ने सोमवार को मौसम के खराब रहने का यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है। मौसम केंद्र शिमला का पूर्वानुमान है कि राज्य के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कांगड़ा में रविवार को हुई बारिश से किसानों सहित गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिली है।
बारिश से जहां मक्की की फसल को संजीवनी मिली, वहीं धान की रोपाई करने वाले किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक है। धर्मशाला, पालमपुर, खैरा, बैजनाथ, गगल में करीब दो घंटों तक जमकर मेघ बरसे हैं। कुल्लू में मौसम साफ रहा। राज्य में सोमवार को तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
केलांग सबसे ठंडा
बिजली कड़कने के साथ भारी वर्षा (Heavy Rain) के भी आसार हैं। प्रदेश के मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रविवार को राज्य में न्यूनतम तापमान केलांग में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अन्य क्षेत्रों के अधिकतम तापमान की बात करें तो यह शिमला में 24, सुंदरनगर में 33.6, नाहन में 31.8, सोलन में 28.7, चंबा में 36.2, डलहौजी में 23.8, रिकांगपिओ में 27.1 और मशोबरा में 25.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
यह भी पढ़े:ठियोग: नेशनल हाईवे पर भूस्खलन ने ऊपरी शिमला का संपर्क काटा
