-
Advertisement
कांगड़ा बाईपास पर पहाड़ से बरसे पत्थर
कांगड़ा। शिमला- मटौर एनएच पर कांगड़ा बाईपास के पास भारी भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। भूस्खलन के चलते कांगड़ा से दिल्ली, शिमला व जालंधर की ओर जाने के लिए मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इसी के साथ दूसरे राज्यों से आने वाली दूध-ब्रैड व अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं को लेकर आने वाली गाड़ियां भी कांगड़ा नहीं पहुंच पाई। मलबा गिरने के कारण कांगड़ा बाजार से लेकर तकीपुर तक वाहनों की कतारें लग गई हैं। भूस्खलन के दौरान कार सवार भी चपेट में आ गया। ज्वालामुखी के तीन लोग मरीज को लेकर सिटी अस्पताल कांगड़ा की तरफ जा रहे थे। कांगड़ा बाईपास के नीचे तेज बारिश के बीच पहाड़ से पत्थर गिर रहे थे। इसी दौरान गाड़ी के शीशे पर तेज गति से पत्थर आ गिरा और शीशा टूट गया है। गनीमत यह रही कि किसी को भी ज्यादा चोट नहीं आई है। भूस्खलन के कारण पीछे मलबा गिरने से सड़क भी बाधित हो गई थी। इसके कारण चालक गाड़ी पीछे नहीं कर पाया। हालांकि प्रातः के समय बारिश कम होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग की मदद से राष्ट्रीय उच्च मार्ग विभाग द्वारा इस मार्ग को तुरंत बहाल करने के लिए 2 जे सी बी सड़क पर गिरे मलबे को हटाने के लिए लगा दी गई हैं।